द्रपुर, काशीपुर और सितारगंज के लिए 636.14 करोड़ की पेयजल योजनाएं स्वीकृत, 3.33 लाख से अधिक लोग होंगे लाभान्वित

द्रपुर, काशीपुर और सितारगंज के लिए 636.14 करोड़ की पेयजल योजनाएं स्वीकृत, 3.33 लाख से अधिक लोग होंगे लाभान्वित
Spread the love

रुद्रपुर। क्षेत्रीय सांसद अजय भट्ट की अध्यक्षता में जिला जल एवं स्वच्छता समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में रुद्रपुर, काशीपुर और सितारगंज नगर निकायों के लिए 636.14 करोड़ रुपये की लागत से पेयजल योजनाओं को स्वीकृति दी गई। इन योजनाओं से कुल 3 लाख 33 हजार 586 जनसंख्या को लाभ मिलेगा।

उत्तराखण्ड शहरी क्षेत्र विकास एजेंसी (यूयूएसडीए) शहरी विकास विभाग द्वारा वाह्य सहायतित पेयजल आपूर्ति योजना के अंतर्गत रुद्रपुर पेयजल परियोजना की लागत 293.41 करोड़, काशीपुर पेयजल परियोजना की लागत 261.83 करोड़ और सितारगंज पेयजल परियोजना की लागत 80.90 करोड़ स्वीकृत की गई है। सभी योजनाएं वर्ष 2057 की अनुमानित जनसंख्या को ध्यान में रखकर बनाई जा रही हैं।

रुद्रपुर परियोजना के तहत 26 वार्डों में 10 पेयजल टैंक, 23 नलकूप और 536 किमी पाइपलाइन बिछाई जाएगी, जिससे 1,58,798 जनसंख्या को पेयजल उपलब्ध होगा। काशीपुर परियोजना में 32 वार्डों में 10 टैंक, 14 नलकूप और 457 किमी पाइपलाइन शामिल है, जिससे 1,32,143 लोगों को फायदा मिलेगा। वहीं सितारगंज परियोजना में 13 वार्डों के लिए 4 टैंक, 5 नलकूप और 146.38 किमी पाइपलाइन बनाई जाएगी, जिससे 42,645 लोगों को पेयजल सुविधा मिलेगी।

बैठक में यह भी बताया गया कि किच्छा नगरीय क्षेत्र में एशियन डेवलपमेंट बैंक के सहयोग से 400 करोड़ की पेयजल योजना निर्माणाधीन है। इस योजना से 2100 परिवारों को पेयजल संयोजन मिलेगा और इसका कार्य मार्च 2028 तक पूरा करने का लक्ष्य है।

सांसद अजय भट्ट ने जल जीवन मिशन की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि नलकूप और ओवरहेड टैंक का निर्माण पूरा होने के बाद ही पाइपलाइन डाली जाए। पाइपलाइन बिछने से क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत कार्यदायी संस्था द्वारा तुरंत किया जाए और कार्य पूर्ण होने का प्रमाणपत्र संबंधित नगर आयुक्त से अनिवार्य रूप से लिया जाए।

उन्होंने कहा कि सभी नागरिकों को शुद्ध और सुचारू पेयजल उपलब्ध कराना भारत सरकार और राज्य सरकार की प्राथमिकता है। इसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया। सांसद ने निर्देश दिए कि आगामी नगर निकायों जैसे दिनेशपुर, सुल्तानपुर, लालपुर, केलाखेड़ा, गूलरभोजन, बाजपुर, गदरपुर, जसपुर और नगला आदि के लिए भी पेयजल परियोजना का सर्वे कर प्रस्ताव तैयार किया जाए।

बैठक में महापौर काशीपुर दीपक बाली, महापौर रुद्रपुर विकास शर्मा, विधायक तिलकराज बेहड़, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी और समिति सदस्य उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles