उत्तराखंड में स्किल्स ओलंपियाड – 2025 की हुई शुरुआत, 30 सितंबर तक होगा पंजीकरण
देहरादून। कौशल विकास एवं रोजगार विभाग, उत्तराखंड द्वारा स्किल्स ओलंपियाड – 2025 का आयोजन किया जा रहा है। इस प्रतियोगिता के माध्यम से युवाओं को अपनी प्रतिभा और कौशल को प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। यह आयोजन इंडिया स्किल्स प्रतियोगिता के अंतर्गत उत्तराखंड स्किल डेवलपमेंट सोसायटी द्वारा किया जा रहा है।
प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं को विभिन्न ट्रेड्स में अपनी दक्षता दिखाने और अन्य प्रतिभागियों से प्रतिस्पर्धा करने का मंच प्रदान करना है। आयोजकों ने कहा कि यह आयोजन युवाओं के लिए नई ऊंचाइयों को छूने का अवसर साबित होगा।
पंजीकरण प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और इसकी अंतिम तिथि 30 सितंबर 2025 निर्धारित की गई है। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रतिभागियों को Skill India Digital Portal पर पंजीकरण करना होगा। यह पूरी तरह नि:शुल्क है और समय सीमित है।
इच्छुक युवा अधिक जानकारी के लिए क्षेत्रीय रोजगार कार्यालय, 04 कॉन्वेंट रोड, देहरादून से भी संपर्क कर सकते हैं। संपर्क नंबर: 0135-2653665।
