HTML tutorial
HTML tutorial

सहकारिता व पशुपालन विभाग मिलकर देंगे पशुपालकों को सस्ता व उच्च गुणवत्ता वाला चारा

सहकारिता व पशुपालन विभाग मिलकर देंगे पशुपालकों को सस्ता व उच्च गुणवत्ता वाला चारा
Spread the love

देहरादून। यमुना कॉलोनी स्थित शासकीय आवास पर सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत और पशुपालन एवं दुग्ध विकास मंत्री श्री सौरभ बहुगुणा की संयुक्त अध्यक्षता में उच्चस्तरीय बैठक आयोजित हुई। बैठक में प्रदेश भर में साइलेज के उत्पादन, पैकेजिंग एवं वितरण से जुड़े मुद्दों पर विस्तारपूर्वक विचार-विमर्श किया गया।

बैठक में निर्णय लिया गया कि सहकारिता और पशुपालन-दुग्ध विभाग का संयुक्त प्रयास पशुपालकों को उच्च गुणवत्ता वाला चारा रियायती दरों पर उपलब्ध कराने में क्रांतिकारी साबित होगा। इससे पशु पोषण सुनिश्चित होगा, दुग्ध उत्पादन में वृद्धि होगी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी।

वर्तमान में उत्तराखंड के 10 पर्वतीय जनपदों में यह योजना संचालित है। अब इस समीक्षा बैठक में इसे और अधिक व्यापक स्वरूप देने पर सहमति बनी है, ताकि अधिक से अधिक पशुपालक लाभान्वित हो सकें।

सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि दो विभागों के बीच सशक्त तालमेल से किसानों और पशुपालकों को दीर्घकालिक लाभ प्राप्त होगा और वे आर्थिक रूप से मजबूत बनेंगे। वहीं, पशुपालन एवं दुग्ध विकास मंत्री श्री सौरभ बहुगुणा ने कहा कि सहकारिता की भागीदारी से साइलेज उत्पादन व वितरण की लागत में भारी बचत होगी और दुग्ध क्षेत्र में नवाचार व विकास के नए अवसर मिलेंगे।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि विभागीय समन्वय को संस्थागत रूप दिया जाए, ताकि योजनाओं का क्रियान्वयन शीघ्रता से हो और पशुपालकों को स्थायी व प्रभावी लाभ मिल सके। यह पहल विशेष रूप से पर्वतीय क्षेत्रों के पशुपालकों के लिए नई ऊर्जा और आशा का स्रोत बनेगी तथा कृषि और दुग्ध क्षेत्र को नई गति देगी।

इस अवसर पर सचिव सहकारिता एवं पशुपालन-दुग्ध विकास डॉ. बी.वी.आर. परुषोत्तम, निबंधक सहकारिता डॉ. मेहरबान सिंह बिष्ट, अपर निबंधक श्री आनंद शुक्ल सहित दोनों विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles