नकाबपोश बदमाशों द्वारा बाइक सवार दंपति पर हमला प्रकरण का हरिद्वार पुलिस ने किया खुलासा, ₹01 लाख की सुपारी में कराया गया था वारदात – दो आरोपी गिरफ्तार, तमंचा बरामद

नकाबपोश बदमाशों द्वारा बाइक सवार दंपति पर हमला प्रकरण का हरिद्वार पुलिस ने किया खुलासा, ₹01 लाख की सुपारी में कराया गया था वारदात – दो आरोपी गिरफ्तार, तमंचा बरामद
Spread the love

हरिद्वार। कोतवाली मंगलौर क्षेत्र के नारसन खुर्द में बीते दिनों हुई सनसनीखेज वारदात का खुलासा हरिद्वार पुलिस ने कर दिया है। पुलिस ने मामले में दो नकाबपोश बदमाशों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से तमंचा बरामद किया है। पुलिस की जांच में सामने आया है कि यह हमला एक लाख रुपये की सुपारी लेकर योजनाबद्ध तरीके से किया गया था, जिसके पीछे पुरानी रंजिश कारण बनी।

घटना 21 अगस्त 2025 की है जब नारसन खुर्द के पास बाइक सवार दंपति पर दो नकाबपोश बदमाशों ने बलकटी से हमला कर दिया था। इस हमले में दंपति गंभीर रूप से घायल हो गया था। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई और पुलिस पर अपराधियों को पकड़ने का दबाव बढ़ गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना मंगलौर में मुकदमा अपराध संख्या 602/25 पंजीकृत कर पुलिस टीमों को जांच में लगाया गया।

पुलिस टीम ने गहन सुरागरसी और पतारसी करते हुए क्षेत्र के सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर हमलावरों की पहचान की। इसके बाद दबिश देकर पुलिस ने घटना में शामिल दोनों आरोपियों को धर दबोचा। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान समीर पुत्र लाला निवासी लिब्बरहेडी, थाना मंगलौर, हरिद्वार और नौमान पुत्र नौशाद निवासी मोहल्ला झोझगान, थाना पुरकाजी, जिला मुजफ्फरनगर के रूप में हुई। गिरफ्तारी के दौरान समीर के पास से एक तमंचा बरामद किया गया।

पुलिस पूछताछ में दोनों ने सनसनीखेज खुलासा किया कि इस वारदात के पीछे सलमान नामक व्यक्ति और पुरकाजी निवासी राजा के बीच चली आ रही पुरानी रंजिश कारण थी। इसी रंजिश को देखते हुए राजा ने पुरकाजी क्षेत्र के कुछ युवकों को एक लाख रुपये की सुपारी देकर सलमान पर हमला करने की योजना बनाई। इसके बाद दोनों आरोपी 21 अगस्त को मौके पर पहुंचे और रुड़की से लौट रहे सलमान पर नकाब पहनकर हमला कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी फरार हो गए थे।

पुलिस ने बताया कि इस षड्यंत्र में अन्य लोगों के शामिल होने की भी जानकारी मिली है और उनकी तलाश जारी है। मुकदमे में आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा रही है। इस वारदात का पर्दाफाश करने वाली पुलिस टीम में एसआई हेमदत्त भारद्वाज, चौकी प्रभारी नारसन, कांस्टेबल सुधीर और कांस्टेबल देश दीपक बाली शामिल रहे। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

देवभूमि खबर

Related articles