अल्मोड़ा में हत्या की सनसनीखेज वारदात का कुछ ही घंटों में खुलासा, आरोपी हथौड़ा और चाकू समेत गिरफ्तार

अल्मोड़ा में हत्या की सनसनीखेज वारदात का कुछ ही घंटों में खुलासा, आरोपी हथौड़ा और चाकू समेत गिरफ्तार
Spread the love

अल्मोड़ा ।पुलिस ने रानीखेत क्षेत्र में हुई हत्या की सनसनीखेज वारदात का कुछ ही घंटों में खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चन्द्रशेखर घोडके के निर्देशन में गठित पुलिस टीम ने हत्या के आरोपी जगत सिंह बोरा को वारदात में प्रयुक्त हथौड़ा (लोहे का घन) और चाकू के साथ दबोच लिया। प्रारंभिक पूछताछ में दो माह पुरानी रंजिश हत्या का कारण सामने आई है।

पुलिस के अनुसार 10 जुलाई 2026 को मजखाली चौकी क्षेत्र के ऐना गांव में एक युवक की हत्या तथा दो महिलाओं के घायल होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सुरक्षित कर फोरेंसिक टीम की सहायता से साक्ष्य जुटाए। 11 जुलाई को मृतक सागर सिंह के फुफेरे भाई नीरज बोरा की तहरीर पर कोतवाली रानीखेत में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103 एवं 109 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

शिकायत के अनुसार आरोपी जगत सिंह बोरा ने सागर सिंह के गले पर चाकू से वार कर उसकी हत्या कर दी। बीच-बचाव करने पहुंचीं मृतक की मां जानकी देवी और दादी शोभा देवी पर भी आरोपी ने हथौड़े और धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। दोनों का उपचार जारी है।

प्रभारी निरीक्षक भुवन चन्द्र जोशी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एफआईआर दर्ज होने के कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त लोहे का घन और चाकू भी बरामद कर लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि लगभग दो माह पहले एक शादी समारोह में हुए विवाद और उससे उपजी रंजिश के चलते उसने इस वारदात को अंजाम दिया।

इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक भुवन चन्द्र जोशी, कांस्टेबल कमल गोस्वामी, कांस्टेबल वरुण राज टम्टा एवं होमगार्ड आनंद सिंह शामिल रहे।

देवभूमि खबर

Related articles