सीएम धामी ने विभिन्न विकास कार्यों के लिए 99.12 करोड़ की योजनाओं को दी मंजूरी
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनपद देहरादून, हरिद्वार और टिहरी सहित कई क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति देने के लिए विभिन्न योजनाओं को स्वीकृति प्रदान की है। सहसपुर विधानसभा क्षेत्र में मिट्ठीबेरी से परवल होते हुए चांदनी चौक तक तथा परवल से विज्ञान धाम झाजरा तक मार्ग चौड़ीकरण के लिए 12.3 करोड़ की योजना को मंजूरी दी गई है।
इसके साथ ही विधानसभा कैन्ट क्षेत्र के वसंत विहार सोसाइटी और अन्य कॉलोनियों के आंतरिक मार्गों के सुधारीकरण एवं मजबूतीकरण कार्य के लिए 3.52 करोड़ की योजना स्वीकृत की गई है।
जिला कारागार हरिद्वार में बैरक संख्या 01, 02 और 06 के प्रथम तल पर नवीन बैरकों के निर्माण हेतु 4.91 करोड़ तथा महिला बैरक के प्रथम तल पर निर्माण हेतु 1 करोड़ की राशि स्वीकृत की गई है।
आयुर्वेदिक एवं यूनानी सेवाएं विभाग के अंतर्गत टिहरी जनपद में संचालित राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय मोल्यासेरा के लिए 2.89 करोड़ और राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय बंगियाल के लिए 2.5 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की गई है।
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने विश्व बैंक पोषित अर्द्धनगरीय क्षेत्रों हेतु उत्तराखण्ड पेयजल कार्यक्रम के लिए चालू वित्तीय वर्ष 2025-26 में राजस्व मद में 7 करोड़ और पूंजीगत मद में 67 करोड़ रुपये अवमुक्त करने का अनुमोदन भी प्रदान किया है।

