पौड़ी पुलिस का नशा तस्करी नेटवर्क पर बड़ा प्रहार, मुख्य सरगना सहित 3 गिरफ्तार
पौड़ी। “ड्रग्स फ्री देवभूमि” अभियान के तहत पौड़ी पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजा तस्करी नेटवर्क से जुड़े मुख्य सरगना समेत तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। इससे पहले इसी प्रकरण में 89.81 किलोग्राम गांजा बरामद कर दो आरोपियों को जेल भेजा जा चुका है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी Sarvesh Panwar के निर्देशन में जनपद में नशा तस्करों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि न केवल तस्करों, बल्कि नशे की सप्लाई चेन से जुड़े सभी लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाए।
इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार मनोज कुमार ठाकुर एवं क्षेत्राधिकारी कोटद्वार निहारिका सेमवाल के पर्यवेक्षण में कोतवाली लैन्सडाउन पुलिस और सीआईयू टीम ने 12 मार्च 2026 को सघन चेकिंग के दौरान दो संदिग्ध वाहनों से 89.81 किलोग्राम गांजा बरामद किया था। इस मामले में पहले ही दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
जांच के दौरान खुलासा हुआ कि यह गांजा मुरादाबाद निवासी महिपाल सिंह के कहने पर लाया जा रहा था। गहन जांच, तकनीकी साक्ष्यों और सूचनाओं के आधार पर पुलिस ने तस्करी नेटवर्क से जुड़े तीन अन्य अभियुक्तों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार अभियुक्तों में महिपाल सिंह (मुख्य सरगना), बिट्टू सैनी (वाहन उपलब्ध कराने वाला) तथा राजेन्द्र सिंह (गांजा सप्लायर) शामिल हैं। राजेन्द्र सिंह के विरुद्ध पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज है।
पुलिस ने सभी अभियुक्तों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट एवं संगठित अपराध की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया है। साथ ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस टीम में उपनिरीक्षक रंजीत तोमर, उपनिरीक्षक संजय रावत, हेड कांस्टेबल संदीप चौधरी, सतेन्द्र सिंह, कांस्टेबल विवेक कुमार व अन्य सीआईयू टीम सदस्य शामिल रहे।

