प्रधानमंत्री मोदी ने किया ‘‘स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार’’ और ‘‘राष्ट्रीय पोषण माह’’ अभियान का शुभारंभ
देहरादून।प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को मध्य प्रदेश के धार से ’’स्वस्थ नारी सशक्त परिवार’’ और ’’आठवें राष्ट्रीय पोषण माह’’ अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने अन्य कई पहलों का भी शिलान्यास और शुभारंभ किया और उपस्थित जनसमूह को संबोधित किया।
यह अभियान 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक देशभर के आयुष्मान आरोग्य मंदिरों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी), जिला अस्पतालों और अन्य सरकारी स्वास्थ्य सुविधाओं में आयोजित होगा। इस दौरान एक लाख से अधिक स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे, जिससे यह देश में महिलाओं और बच्चों के लिए अब तक का सबसे बड़ा स्वास्थ्य अभियान बन जाएगा। सभी सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर प्रतिदिन स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे।
देहरादून में आयोजित वर्चुअल कार्यक्रम में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) और मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी भी शामिल हुए। राजकीय दून मेडिकल कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने प्रत्येक स्टॉल का निरीक्षण किया।
राज्यपाल ने कहा कि स्वस्थ और जागरूक नारी ही समाज को नई दिशा दे सकती है। उन्होंने कहा कि यह अभियान परिवार और समाज दोनों की मजबूती की आधारशिला है। उन्होंने जनता से आह्वान किया कि वे इस अभियान में सक्रिय रूप से भागीदारी कर इसे जन-आंदोलन का रूप दें।
राज्यपाल ने कहा कि प्रधानमंत्री की सोच नारी शक्ति, युवा शक्ति, किसानों और गरीबों के लिए समर्पित है। उन्होंने कहा कि आज धार से निकली विचारों की ‘‘धार’’ देश को नवजागरण और परिवर्तन की दिशा देगी। उन्होंने स्वदेशी अपनाने पर बल देते हुए कहा कि उत्तराखण्ड की महिला स्व-सहायता समूह और उत्पादन इकाइयाँ जब स्वदेशी मंत्र के साथ काम करेंगी, तो यह एक क्रांति का सूत्रपात होगा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री को जन्मदिवस की शुभकामनाएं देते हुए उनके दीर्घायु की कामना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश का सर्वांगीण विकास हुआ है। उत्तराखण्ड में चारधाम परियोजना, हवाई सेवा विस्तार सहित सभी क्षेत्रों में प्रधानमंत्री का सहयोग मिला है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आपदाओं के समय भी प्रधानमंत्री ने हमेशा राज्य का सहयोग किया है, चाहे रैणी आपदा हो, जोशीमठ, सिलक्यारा या फिर हाल की प्राकृतिक आपदाएं। उन्होंने कहा कि आज विश्वकर्मा जयंती और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर यह स्वास्थ्य अभियान प्रारंभ होना खास महत्व रखता है। उन्होंने प्रदेश की मातृशक्ति से अपील की कि वे इस अभियान का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाएं स्वरोजगार और होम स्टे में अपनी भूमिका निभा रही हैं, इसलिए उनका स्वस्थ रहना अति आवश्यक है। उन्होंने बताया कि बद्रीनाथ, केदारनाथ और गंगोत्री धाम की यात्रा सुचारू रूप से चल रही है और जल्द ही यमुनोत्री धाम का मार्ग भी खोलकर यात्रा को संचालित किया जाएगा।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, श्रीमती रेखा आर्या, सांसद श्रीमती माला राज्यलक्ष्मी शाह, विधायक श्री खजान दास, श्री विनोद चमोली, श्रीमती सविता कपूर, श्री सुरेश गड़िया, मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन, सचिव स्वास्थ्य डॉ. आर. राजेश कुमार सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
