मंदिर में चोरी का प्रयास और पुजारी पर हमले के आरोपी को रुद्रप्रयाग पुलिस ने बागेश्वर से किया गिरफ्तार
रुद्रप्रयाग। जनपद को सामान्यत: शांत माना जाता है, लेकिन 10 सितम्बर 2025 की रात्रि में थाना अगस्त्यमुनि क्षेत्रान्तर्गत स्थित राजराजेश्वरी मंदिर, कण्डारा में हुई घटना ने पूरे इलाके को हिला दिया। एक व्यक्ति ने मंदिर का ताला तोड़कर चोरी करने का प्रयास किया और जब पुजारी ने विरोध किया तो उस पर रेंच से हमला कर गंभीर चोटें पहुंचाईं। पुजारी के शोर मचाने पर ग्रामीण इकट्ठा हुए, जिसके बीच आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
घटना की सूचना पर पुलिस ने तत्काल इलाके में सघन तलाशी अभियान चलाया और अगले दिन पुजारी एवं ग्रामीणों से जानकारी एकत्र कर आरोपी की तलाश शुरू की। पुजारी श्री कमलेश्वर प्रसाद की तहरीर पर थाना अगस्त्यमुनि में मुकदमा दर्ज किया गया। प्रारंभिक विवेचना में धारा 115(1), 118(1) और 62 भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया था।
एसपी रुद्रप्रयाग अक्षय कोंडे के निर्देशन और पुलिस उपाधीक्षक रुद्रप्रयाग के पर्यवेक्षण में थाना पुलिस व एसओजी की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस, तकनीकी व मैनुअल पुलिसिंग का सहारा लिया और आखिरकार आरोपी को उसके स्कूटी (UK-02-A-3985 मेस्ट्रो) सहित जनपद बागेश्वर से गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के बाद मामले में धारा 305 (पूजा स्थल आदि में चोरी) और 331 (गृहभेदन के लिए दण्ड) भी बढ़ाई गई।
एसपी अक्षय कोंडे ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी हयात सिंह पुत्र जय सिंह निवासी ग्राम नामचो, चेटाबगड़, थाना कपकोट, जनपद बागेश्वर है, जो वर्तमान में कठैतवाड़ा, बागेश्वर में किराए पर रह रहा था। आरोपी पूर्व में भी लगभग 10 वर्ष पहले ऐसी ही घटना कर चुका है और उसे जेल की सजा भी हो चुकी है। इस बार भी जनपद बागेश्वर पुलिस की मदद से आरोपी को दबोचा गया।
गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। पुलिस टीम में थानाध्यक्ष अगस्त्यमुनि महेश रावत, अपर उपनिरीक्षक जावेद अली, एलएफएम संतोष गुसाईं, आरक्षी रविन्द्र सिंह और आरक्षी विनय पंवार शामिल रहे।

