छात्र संघ चुनाव में नैनीताल पुलिस की सख़्त सुरक्षा, एसएसपी प्रहलाद मीणा खुद मौके पर मौजूद
हल्द्वानी। एमबीपीजी कॉलेज में आयोजित छात्र संघ चुनाव–2025 को सकुशल और पारदर्शी ढंग से सम्पन्न कराने के लिए नैनीताल पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल, प्रहलाद नारायण मीणा स्वयं मौके पर मौजूद हैं। उन्होंने पुलिस बल को स्पष्ट निर्देश दिए कि कानून-व्यवस्था को किसी भी हाल में प्रभावित न होने दिया जाए तथा किसी भी अराजक तत्व पर तुरंत कड़ी कार्रवाई की जाए।
कॉलेज परिसर और आसपास के क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। संभावित संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की पैनी नज़र रखी जा रही है। यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए रूट डायवर्जन प्लान भी लागू किया गया है।
एसएसपी प्रहलाद मीणा के साथ डॉ. जगदीश चंद्रा (एसपी क्राइम नैनीताल), नितिन लोहनी सहित अन्य पुलिस अधिकारी और जवान लगातार मौके पर रहकर चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष बनाने में जुटे हुए हैं।
