HTML tutorial
HTML tutorial

‘अभियान प्रहरी पड़ाव’ के तहत ग्राम किमाणा में रात्रि चौपाल, पुलिस ने ग्रामीणों से किया सीधा संवाद

‘अभियान प्रहरी पड़ाव’ के तहत ग्राम किमाणा में रात्रि चौपाल, पुलिस ने ग्रामीणों से किया सीधा संवाद
Spread the love

रुद्रप्रयाग। जनपद रुद्रप्रयाग पुलिस द्वारा जनसंवाद और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे अभिनव कार्यक्रम “अभियान प्रहरी पड़ाव” के तहत 12 मार्च 2026 की रात्रि ग्राम किमाणा में रात्रि चौपाल एवं प्रवास कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रभारी निरीक्षक ऊखीमठ मनोज नेगी की अध्यक्षता में आयोजित चौपाल में ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं रखीं और पुलिस प्रशासन के साथ सुरक्षा संबंधी विषयों पर विस्तृत चर्चा की। लगभग 970 की जनसंख्या और 120 परिवारों वाले इस गांव में पुलिस की इस पहल का ग्रामीणों ने स्वागत किया।

चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने ऊखीमठ से किमाणा तक मोटर मार्ग के डामरीकरण कार्य पूर्ण होने पर संतोष व्यक्त किया। वहीं ग्राम किमाणा से ग्राम कन्था तक प्रस्तावित लगभग 5 किलोमीटर सड़क मार्ग के निर्माण की मांग प्रमुखता से उठाई। इसके अलावा ग्रामीणों ने क्षेत्र में पेयजल की समस्या तथा आवारा पशुओं द्वारा फसलों को पहुंचाए जा रहे नुकसान की जानकारी भी पुलिस और प्रशासन को दी। ग्रामीणों ने भविष्य में भी इस प्रकार के जागरूकता अभियानों के आयोजन की मांग की, ताकि जनता और पुलिस के बीच बेहतर समन्वय बना रहे।

संवाद के दौरान प्रभारी निरीक्षक ने ग्रामीणों को बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग और बैंकिंग धोखाधड़ी से बचाव के उपाय बताते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की वित्तीय धोखाधड़ी होने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें। नशा उन्मूलन अभियान पर चर्चा करते हुए उन्होंने ग्रामीणों से मादक पदार्थों की बिक्री और सेवन पर रोक लगाने में सहयोग की अपील की। साथ ही बाहरी व्यक्तियों के सत्यापन पर जोर देते हुए कहा कि बिना पुलिस सत्यापन के किसी अज्ञात व्यक्ति को किराये पर या निवास हेतु स्थान न दिया जाए।
चौपाल में गांव में अकेले रह रहे वृद्धजनों की सुरक्षा और उनकी कुशलक्षेम की जानकारी पुलिस तक पहुंचाने का भी आह्वान किया गया। पुलिस टीम द्वारा ग्रामीणों को साइबर जागरूकता से संबंधित बुकलेट और पम्पलेट भी वितरित किए गए।

इस अवसर पर ग्राम प्रधान श्रीमती सुलेखा त्रिवेदी, बीकेटीसी के प्रभारी अधिकारी युद्धवीर पुष्पवाण, टैक्सी यूनियन ऊखीमठ के अध्यक्ष अमित त्रिवेदी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles