नशे के सौदागरों पर एएनटीएफ उत्तराखंड का बड़ा प्रहार : 151 ग्राम हेरोइन (कीमत 45 लाख रुपये) के साथ 2 तस्कर गिरफ्तार
देहरादून। ड्रग्स फ्री देवभूमि अभियान के तहत एंटी नार्कोटिक्स टास्क फोर्स (A.N.T.F.) उत्तराखण्ड ने थाना रायवाला पुलिस टीम के साथ संयुक्त अभियान चलाते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। 29 सितम्बर की रात रायवाला क्षेत्र से पुलिस ने दो नशा तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 151 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 45 लाख रुपये आंकी गई है।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान ऐजाद खान पुत्र नवाब खान, उम्र 30 वर्ष, निवासी ग्राम सेमरा बनविनपुर, सहसवान, थाना मुजरिया, जिला बदायूँ, उत्तर प्रदेश, हाल निवासी आज़ाद कॉलोनी थाना पटेलनगर देहरादून तथा नूर आलम पुत्र तमन्ना अली, उम्र 32 वर्ष, निवासी आर्यनगर पुल के पास लेन नम्बर 04, डालनवाला देहरादून के रूप में हुई है। पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे यह नशा जनपद बदायूँ उत्तर प्रदेश से लेकर आए थे और स्थानीय स्तर पर इसे छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर स्कूल-कॉलेज के छात्रों और नशे के आदी व्यक्तियों को बेचते थे। अधिक मुनाफे के लालच में वे लंबे समय से इस धंधे में लिप्त थे।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ श्री नवनीत सिंह भुल्लर ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे इस अभियान में जनता से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि नशे से दूर रहें, किसी भी प्रकार के लालच में न आकर नशा तस्करी न करें और यदि कहीं नशा तस्करी की गतिविधि दिखाई दे तो तुरंत नजदीकी पुलिस स्टेशन या एसटीएफ को सूचित करें। एसटीएफ द्वारा जारी हेल्पलाइन नंबर 0135-2656202 और 9412029536 पर सीधे संपर्क किया जा सकता है।
इस कार्रवाई में एएनटीएफ/एसटीएफ टीम के एसआई दीपक मैठाणी, एएसआई योगेंद्र चौहान, हेड कांस्टेबल महेंद्र सिंह, रामचंद्र सिंह और हेड कांस्टेबल सौरभ शामिल रहे।
