चारधाम यात्रा से पहले पार्किंग व्यवस्थाओं पर जोर, आवास सचिव ने गौचर, कर्णप्रयाग और चमोली में परियोजनाओं का किया निरीक्षण
चमोली।चारधाम यात्रा मार्ग पर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए राज्य सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर आवास विभाग के सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने जनपद चमोली के गौचर, कर्णप्रयाग और चमोली में निर्माणाधीन तथा प्रस्तावित पार्किंग परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान सचिव ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए सभी परियोजनाओं को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा के दौरान तीर्थयात्रियों और स्थानीय लोगों को सुगम यातायात सुविधा उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
अधिकारियों ने जानकारी दी कि गौचर में 27 वाहनों की क्षमता वाली पार्किंग का निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया है, जिसे उत्तराखण्ड पेयजल एवं निर्माण निगम द्वारा बनाया गया है। आवास सचिव ने निर्देश दिए कि इस पार्किंग को शीघ्र संचालन के लिए तैयार किया जाए, ताकि यात्रियों और स्थानीय लोगों को इसका लाभ मिल सके।
इसके बाद उन्होंने कर्णप्रयाग में जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण, चमोली द्वारा निर्माणाधीन पार्किंग परियोजना का निरीक्षण किया। सचिव ने निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश देते हुए कहा कि आगामी नंदा राजजात यात्रा से पहले इस पार्किंग का निर्माण हर हाल में पूरा किया जाए, ताकि श्रद्धालुओं को सुविधा मिल सके।
चमोली में टैक्सी स्टैंड के समीप प्रस्तावित पार्किंग स्थल और खड्ड साइड स्थित पार्किंग का भी निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने बताया कि टैक्सी स्टैंड के पास बनने वाली पार्किंग की क्षमता 21 वाहनों की होगी, जबकि खड्ड साइड स्थित पार्किंग में 82 वाहनों की व्यवस्था की जा रही है। इन दोनों पार्किंग स्थलों का निर्माण ग्रामीण निर्माण विभाग द्वारा किया जा रहा है।
आवास सचिव ने निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा किया जाए, ताकि आगामी चारधाम यात्रा से पहले इन पार्किंग स्थलों को श्रद्धालुओं और आम नागरिकों के लिए संचालित किया जा सके।
उन्होंने चारधाम यात्रा मार्ग पर बढ़ते ट्रैफिक दबाव को देखते हुए अधिकारियों को ऐसे स्थानों की पहचान करने के भी निर्देश दिए जहां अक्सर जाम की समस्या उत्पन्न होती है। सचिव ने कहा कि उन स्थानों के समीप उपयुक्त भूमि का चयन कर नई पार्किंग विकसित की जाए, जिससे भविष्य में चारधाम यात्रा मार्ग पर जाम की समस्या का प्रभावी समाधान किया जा सके।

