त्याग और बलिदान को नमन: मुख्यमंत्री धामी ने किया शहीद स्थल के पुनर्निर्माण का वादा

त्याग और बलिदान को नमन: मुख्यमंत्री धामी ने किया शहीद स्थल के पुनर्निर्माण का वादा
Spread the love

देहरादून। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को रामपुर तिराहा, मुजफ्फरनगर (उ.प्र.) स्थित शहीद स्थल पर आयोजित कार्यक्रम में उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने घोषणा की कि रामपुर तिराहा शहीद स्थल का री-डेवलपमेंट मास्टर प्लान तैयार किया जाएगा। स्मारक को भव्यता प्रदान करने के साथ संग्रहालय का विस्तार, एक कैंटीन और उत्तराखंड की बसों के लिए स्टॉपेज भी बनाया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 2 अक्टूबर 1994 का रामपुर तिराहा गोलीकांड राज्य आंदोलन के इतिहास का सबसे काला अध्याय है, जिसने हर उत्तराखंडी के दिल पर गहरा घाव छोड़ा। यह दिन हमें हमेशा याद दिलाता है कि उत्तराखंड की नींव हमारे शहीदों ने अपने खून से सींची है।

उन्होंने कहा कि राज्य आंदोलनकारियों के त्याग और बलिदान की बदौलत ही उत्तराखंड राज्य का निर्माण हुआ। उनकी स्मृति को चिरस्थायी बनाने के लिए राज्य सरकार कई कदम उठा रही है। आंदोलनकारियों और उनके आश्रितों के लिए 10% क्षैतिज आरक्षण, पेंशन योजनाएं, सरकारी बसों में निःशुल्क यात्रा सुविधा और पहचान पत्र जारी करने जैसी सुविधाएं लागू की गई हैं। साथ ही 93 आंदोलनकारियों को राजकीय सेवा में भी नियुक्त किया गया है।

मुख्यमंत्री ने आंदोलन में महिलाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इसी सम्मान में सरकारी नौकरियों में 30% क्षैतिज आरक्षण लागू किया गया। उन्होंने शहीद स्मारक हेतु भूमि दान करने वाले स्व. महावीर शर्मा के योगदान को अविस्मरणीय बताते हुए वहां उनकी प्रतिमा स्थापित करने की घोषणा की।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में समान नागरिक संहिता कानून लागू कर राज्य में समान अधिकार सुनिश्चित किए गए हैं। सख्त नकल विरोधी, धर्मांतरण विरोधी और दंगारोधी कानून लागू कर युवाओं और समाज को सुरक्षित भविष्य दिया जा रहा है। साथ ही मदरसा बोर्ड समाप्त करने और सनातन संस्कृति के खिलाफ षड्यंत्र करने वालों पर ‘ऑपरेशन कालनेमि’ जैसी सख्त कार्रवाइयां की जा रही हैं।

कार्यक्रम में पर्यटन मंत्री श्री सतपाल महाराज, उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री श्री अनिल कुमार, पूर्व सांसद श्री सजीव बालियान, विधायकगण, वरिष्ठ अधिकारी, राज्य आंदोलनकारी और अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles