श्री बदरीनाथ एवं केदारनाथ यात्रा में आशातीत वृद्धि: हेमंत द्विवेदी

श्री बदरीनाथ एवं केदारनाथ यात्रा में आशातीत वृद्धि: हेमंत द्विवेदी
Spread the love

देहरादून। श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने बताया कि इस यात्रा वर्ष में दोनों धामों में श्रद्धालुओं की संख्या में आशातीत वृद्धि हुई है। पिछले वर्ष की तुलना में इस बार तीर्थयात्रियों की संख्या लगातार बढ़ी है।

उन्होंने कहा कि अब जबकि श्री केदारनाथ धाम के कपाट 23 अक्टूबर और श्री बदरीनाथ धाम के कपाट 25 नवंबर को बंद होने जा रहे हैं, तीर्थयात्रियों से अनुरोध है कि वे दर्शनों के लिए धामों में आएं। द्विवेदी ने बताया कि धामों में बर्फबारी के बाद मौसम सुहावना बना हुआ है, जिससे यात्रा का अनुभव और भी आनंददायक हो गया है।

बीकेटीसी अध्यक्ष ने जानकारी दी कि इस वर्ष अब तक श्री बदरीनाथ और श्री केदारनाथ धाम में कुल 29,15,989 तीर्थयात्रियों ने दर्शन किए हैं। इनमें से श्री केदारनाथ धाम में 16,56,539 और श्री बदरीनाथ धाम में 14,59,450 श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। यह संख्या पिछले वर्ष 2024 के पूरे यात्रा काल के आंकड़ों से अधिक है। वर्ष 2024 में श्री बदरीनाथ धाम में 14,35,341 तथा श्री केदारनाथ धाम में 16,52,076 तीर्थयात्रियों ने दर्शन किए थे।

उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं के बावजूद मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के दिशा-निर्देश में प्रदेश सरकार ने सुरक्षा और यात्री सुविधाओं के लिए पुख्ता इंतजाम किए हैं। यात्रा मार्गों को सुचारू रखने, मौसम की निगरानी, सुरक्षा जवानों की तैनाती, भूस्खलन वाले क्षेत्रों में मलबा हटाने, अलाव एवं रैनबसेरे की व्यवस्था, जनस्वास्थ्य और यातायात नियंत्रण पर लगातार निगरानी रखी जा रही है ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

देवभूमि खबर

Related articles