रुड़की जेल से 17 वर्ष पहले फरार 50 हजार का ईनामी अपराधी गिरफ्तार ,उत्तराखंड STF और नोएडा STF की संयुक्त कार्रवाई में मिली सफलता
वर्ष 2008 में जेल की दीवार कूदकर हुआ था फरार, 17 वर्षों से बदल-बदलकर रह रहा था नाम और पहचान
देहरादून।स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) उत्तराखंड और एसटीएफ नोएडा की संयुक्त टीम ने 17 वर्षों से फरार 50,000 रुपये के शातिर ईनामी अपराधी को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। गिरफ्तार अभियुक्त का नाम हरिसिंह उर्फ हरीश पुत्र रघुवीर निवासी अग्रवाल मंडी टटीरी, जनपद बागपत (उत्तर प्रदेश) है, जो फरारी के दौरान पंजाब के डेराबस्सी, एसएएस नगर मोहाली में भारत भूषण नाम से रह रहा था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, एसटीएफ उत्तराखंड ने बताया कि वर्ष 2007 में हरिसिंह ने अपने तीन साथियों के साथ रुड़की में मोबाइल की दुकान से चोरी की थी। चोरी के चार अभियोगों में जेल भेजे जाने के बाद वर्ष 2008 में वह रुड़की जेल की दीवार कूदकर फरार हो गया था। तभी से वह पंजाब, हरियाणा आदि राज्यों में अपनी पहचान छिपाकर रह रहा था।
एसटीएफ टीम पिछले कई वर्षों से इस ईनामी अपराधी की गिरफ्तारी के लिए प्रयासरत थी। मैनुअल पुलिसिंग और गुप्त सूचना तंत्र के माध्यम से अभियुक्त की लोकेशन का पता लगाकर टीम ने हरिद्वार जिले के थाना रुड़की क्षेत्र से उसे गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार अभियुक्त का आपराधिक इतिहास:
- मु0अ0सं0 389/07 धारा 398, 401 आईपीसी थाना रुड़की, हरिद्वार
- मु0अ0सं0 374/07 धारा 457, 380, 411 आईपीसी थाना रुड़की, हरिद्वार
- मु0अ0सं0 324/07 धारा 457, 380, 411 आईपीसी थाना रुड़की, हरिद्वार
- मु0अ0सं0 390/07 धारा 25 आर्म्स एक्ट थाना रुड़की, हरिद्वार
- मु0अ0सं0 03/08 धारा 2/3 गैंगस्टर एक्ट थाना रुड़की, हरिद्वार
- मु0अ0सं0 52/08 धारा 223, 224 आईपीसी थाना गंगनहर, हरिद्वार
एसटीएफ उत्तराखंड, एसटीएफ नोएडा उत्तर प्रदेश तथा थाना गंगनहर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई से 17 वर्षों से फरार शातिर अपराधी को गिरफ्तार करने में सफलता मिली है।
