राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीनगर में 9 विशेषज्ञ चिकित्सकों की संविदा नियुक्ति को मिली मंजूरी — चिकित्सा शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने दी स्वीकृति

देहरादून।राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीनगर में संविदा के आधार पर नौ विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति को चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने अनुमोदन दे दिया है। विभिन्न संकायों में इन विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती से मेडिकल कॉलेज में शैक्षणिक गतिविधियों में व्यापक सुधार होगा, वहीं एमबीबीएस छात्रों को बेहतर प्रशिक्षण प्राप्त हो सकेगा।
सूबे के राजकीय मेडिकल कॉलेजों में संकाय सदस्यों की कमी को दूर करने के लिए राज्य सरकार लगातार प्रयासरत है। इसी क्रम में कॉलेजों में फैकल्टी की नियुक्ति के लिए हेमवती नंदन बहुगुणा उत्तराखंड चिकित्सा शिक्षा विश्वविद्यालय के कुलपति की अध्यक्षता में गठित साक्षात्कार समिति ने वॉक-इन-इंटरव्यू के माध्यम से नौ विशेषज्ञ चिकित्सकों का चयन किया था। समिति द्वारा तैयार नियुक्ति प्रस्ताव को राज्य सरकार को भेजा गया, जिसे चिकित्सा शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने अनुमोदन प्रदान किया।
कमेटी द्वारा चयनित इन विशेषज्ञ चिकित्सकों को संविदा के आधार पर राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीनगर में नियुक्त किया जाएगा। इनमें डॉ. कुलदीप सिंह लालर को कार्डियोलॉजी विभाग में, डॉ. देवेंद्र कुमार को न्यूरोसर्जरी विभाग में तथा डॉ. इंदिरा यादव को रेडियोथैरेपी विभाग में प्रोफेसर पद पर नियुक्त किया गया है।
इसी प्रकार डॉ. सौरभ सचर को रेडियोडायग्नोसिस, डॉ. विक्की बख्शी को रेस्पिरेट्री मेडिसिन तथा डॉ. शीबा राणा को ईएनटी विभाग में एसोसिएट प्रोफेसर के पद पर नियुक्ति दी गई है। वहीं डॉ. निधि बहुगुणा को ऑब्स एंड गायनी, डॉ. सुफियान खान को नेत्र एवं डॉ. छत्रा पाल को इमरजेंसी मेडिसिन विभाग में असिस्टेंट प्रोफेसर के पद पर नियुक्त किया गया है।
इन सभी विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति तीन वर्ष अथवा उक्त पदों पर नियमित नियुक्ति होने तक (जो भी पहले हो) की अवधि के लिए की गई है।
राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीनगर में इन विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती से एमबीबीएस छात्रों की शिक्षण संबंधी दिक्कतें दूर होंगी, साथ ही उन्हें बेहतर प्रशिक्षण भी प्राप्त होगा। इसके अलावा मेडिकल कॉलेज से सम्बद्ध चिकित्सालयों में मरीजों को भी बेहतर उपचार सुविधा मिल सकेगी।
चिकित्सा शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीनगर में नौ विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति कर दी गई है। इन विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति से शिक्षण और प्रशिक्षण गतिविधियों में और सुधार होगा।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की मंशा प्रदेश के सभी राजकीय मेडिकल कॉलेजों में शत-प्रतिशत फैकल्टी की तैनाती सुनिश्चित करने की है, ताकि छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिले और मरीजों को उच्च स्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं प्राप्त हों।
