दीपावली पर सुरक्षा व्यवस्था का जिम्मा खुद संभालने मैदान में उतरे SSP प्रहलाद मीणा — ऑपरेशन ‘सैनेटाइज’ के तहत 70 संदिग्ध हिरासत में, 8 बाबा भी शामिल

दीपावली पर सुरक्षा व्यवस्था का जिम्मा खुद संभालने मैदान में उतरे SSP प्रहलाद मीणा — ऑपरेशन ‘सैनेटाइज’ के तहत 70 संदिग्ध हिरासत में, 8 बाबा भी शामिल
Spread the love

नैनीताल। आगामी दीपावली पर्व को शांति, सुरक्षा और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाए जाने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल श्री प्रहलाद नारायण मीणा (IPS) स्वयं पुलिस बल के साथ मैदान में उतर आए। दीपावली पर्व को लेकर जनपद में “ऑपरेशन सैनेटाइज” अभियान लगातार जारी है।

इस अभियान के अंतर्गत मंगलवार सायं (14 अक्टूबर 2025) एसएसपी मीणा ने पुलिस अधिकारियों और जवानों के साथ हल्द्वानी शहर के प्रमुख बाजारों में पैदल फ्लैग मार्च एवं औचक निरीक्षण किया। उन्होंने कारखाना बाजार, साहूकार बाजार, पटेल चौक, नया बाजार, बर्तन बाजार, मीरा मार्ग और सदर बाजार सहित भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान एसएसपी मीणा ने दुकानों में कार्यरत व्यक्तियों से सत्यापन संबंधी पूछताछ की और व्यापारियों को निर्देशित किया कि बिना सत्यापन बाहरी व्यक्तियों को अपने प्रतिष्ठान में कार्य पर न रखें। साथ ही, अनावश्यक रूप से बाजारों में घूमने वालों को चेताया गया और उन्हें शालीनता एवं अनुशासन बनाए रखने की हिदायत दी गई।

पुलिस टीम ने शहर के विभिन्न बिंदुओं पर नाकाबंदी व पिकेट ड्यूटी लगाकर सघन चेकिंग अभियान चलाया। चेकिंग के दौरान कुल 70 संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लिया गया, जिनमें 8 संदिग्ध बाबा भी शामिल हैं। सभी से कोतवाली हल्द्वानी में पूछताछ एवं तस्दीक की जा रही है। सही पाए जाने पर उन्हें छोड़ा जाएगा, अन्यथा आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

अभियान के दौरान थाने में लाये गए संदिग्ध में 39 व्यक्तियों के विरुद्ध 81 पुलिस अधिनियम के तहत चालान करते हुए ₹9750 का जुर्माना वसूला गया। इसके अतिरिक्त कालनेमी के अंतर्गत 06 का चालान कर ₹1500 का जुर्माना जमा करवाया गया।

एसएसपी मीणा ने कहा कि ऑपरेशन सैनेटाइज का उद्देश्य दीपावली के दौरान भयमुक्त और सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करना है। उन्होंने बताया कि पुलिस की पैनी नजर संदिग्ध गतिविधियों पर बनी हुई है और किसी भी अराजक तत्व को बख्शा नहीं जाएगा। निरीक्षण टीम में एसपी सिटी श्री प्रकाश चन्द्र, सीओ हल्द्वानी श्री नितिन लोहनी, सीओ लालकुआं श्रीमती दीपशिखा अग्रवाल, प्रभारी निरीक्षक हल्द्वानी श्री अमर चंद्र शर्मा, यातायात प्रभारी श्री महेश चंद्र, थानाध्यक्ष बनभूलपुरा श्री सुशील जोशी, थानाध्यक्ष काठगोदाम श्री विमल मिश्रा, थानाध्यक्ष मुखानी श्री दिनेश जोशी, सीपीयू प्रभारी, महिला/पुरुष पीएसी, डॉग स्क्वॉड टीम एवं थाना-चौकी पुलिस बल शामिल रहा।

एसएसपी नैनीताल श्री प्रहलाद मीणा ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि दीपावली खुशियों का पर्व है, लेकिन सुरक्षा भी उतनी ही जरूरी है। सभी नागरिक अनुशासन का पालन करें, भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अपने बच्चों और कीमती सामान का ध्यान रखें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। उन्होंने कहा कि अराजकता किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

देवभूमि खबर

Related articles