उत्तराखंड में सरकारी व निजी स्कूलों की नई समय-सारिणी लागू, गर्मी–सर्दी के अनुसार बदला टाइम

देहरादून।उत्तराखंड शासन ने प्रदेश के सभी राजकीय एवं निजी प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालयों के लिए नई समय-सारिणी निर्धारित कर दी है। सचिव विद्यालयी शिक्षा रविनाथ रमन द्वारा जारी आदेश के अनुसार यह समय-सारिणी 6 अप्रैल 2026 से लागू की गई है, जिसमें आंशिक संशोधन भी किया गया है।
जारी आदेश के तहत विद्यालयों का समय ग्रीष्मकाल (1 अप्रैल से 30 सितंबर) और शीतकाल (1 अक्टूबर से 31 मार्च) के अनुसार अलग-अलग तय किया गया है। ग्रीष्मकाल में विद्यालयों की शुरुआत सुबह 7:15 बजे प्रार्थना सभा से होगी, जबकि शीतकाल में यह 8:45 बजे से प्रारंभ होगी।
नई समय-सारिणी में कक्षाओं (पीरियड) की अवधि भी निर्धारित की गई है। ग्रीष्मकाल में अधिकांश पीरियड 35 से 40 मिनट के होंगे, जबकि शीतकाल में 40 से 45 मिनट के बीच रखे गए हैं। मध्यावकाश का समय भी दोनों सत्रों में अलग-अलग निर्धारित किया गया है।
शासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि किसी विद्यालय की भौगोलिक परिस्थितियों के कारण निर्धारित समय-सारिणी में बदलाव आवश्यक हो, तो विद्यालय प्रबंधन प्रस्ताव भेज सकता है। ऐसे मामलों में गठित समिति द्वारा परीक्षण के बाद उपयुक्त निर्णय लिया जाएगा।
इस नई व्यवस्था का उद्देश्य विद्यार्थियों की सुविधा, मौसम के अनुरूप अध्ययन व्यवस्था और शिक्षण गुणवत्ता में सुधार सुनिश्चित करना है।

