अल्ट्रा मैराथन के लिए व्यास घाटी (आदि कैलास क्षेत्र) तैयार — 800 से अधिक धावकों के स्वागत हेतु प्रशासन ने की विशेष तैयारियां

अल्ट्रा मैराथन के लिए व्यास घाटी (आदि कैलास क्षेत्र) तैयार — 800 से अधिक धावकों के स्वागत हेतु प्रशासन ने की विशेष तैयारियां
Spread the love

पिथौरागढ़।आगामी 2 नवम्बर 2025 को आयोजित होने वाली “आदि कैलास अल्ट्रा मैराथन” को लेकर जिला प्रशासन ने सभी तैयारियों को अंतिम रूप देने हेतु जिलाधिकारी आशीष भटगांई गूंजी पहुंचे। यह मैराथन उच्च हिमालयी क्षेत्र गूंजी में आयोजित की जा रही है, जहां देश-विदेश से 800 से अधिक धावक भाग लेंगे।

जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई ने आज आयोजन स्थल गूंजी का स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों का जायज़ा लिया। उन्होंने विभिन्न विभागों को स्थानीय जनता से आपसी समन्वय के साथ व्यवस्थाओं को बेहतर एवं समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए। इस दौरान ग्राम प्रधान विमला गुंज्याल ने जिलाधिकारी से भेंट कर आगामी अल्ट्रा मैराथन की तैयारियों पर चर्चा की। जिलाधिकारी कल गूंजी के आसपास के क्षेत्रों के साथ आदि कैलास क्षेत्र का भी निरीक्षण करेंगे और प्रशासनिक व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे।

उन्होंने आयोजन समिति, ट्रेक रूट, रेस्क्यू टीमों और लॉजिस्टिक सपोर्ट की विस्तृत जानकारी ली। जिला पर्यटन विभाग द्वारा ट्रेक रूट की मार्किंग, रेस्क्यू एवं सपोर्ट टीमें, स्थानीय होम स्टे संचालक, स्वयंसेवी संगठन और ग्राम समितियाँ सक्रिय सहयोग में लगी हैं।

यह अल्ट्रा मैराथन मार्ग गूंजी से आदि कैलास क्षेत्र तक फैला हुआ है, जो समुद्रतल से लगभग 14,000 फीट की ऊँचाई तक जाता है। यह भारत के सबसे ऊँचे और रोमांचक ट्रेकिंग ट्रेल्स में से एक माना जाता है। मार्ग पर भारतीय सेना, आईटीबीपी (इंडो-तिब्बतन बॉर्डर पुलिस) और पुलिस प्रशासन की टीमें तैनात रहेंगी, जो प्रतिभागियों की सुरक्षा, गाइडेंस और आपात सहायता सुनिश्चित करेंगी।

संभावित मौसमीय परिस्थितियों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने विशेष तैयारियां की हैं। मेडिकल रिलीफ पोस्ट, आपातकालीन ऑक्सीजन सिलिंडर, एम्बुलेंस और हेल्थ सपोर्ट टीमें तैनात की गई हैं। रेस्क्यू और इवैक्यूएशन टीमों को आवश्यक प्रशिक्षण और संसाधन भी उपलब्ध कराए गए हैं।

जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में यात्रियों के रहने-खाने की सुविधाओं को देखते हुए एसडीएम जितेंद्र वर्मा ने बताया कि 28 अक्टूबर से 3 नवंबर तक आदि कैलास यात्रा परमिट जारी करना अस्थायी रूप से बंद रहेगा। 24 अक्टूबर से केवल सीमित पास ही दिए जा रहे हैं। गुरुवार को 172 परमिट जारी किए गए, जिससे अब तक कुल 32,986 परमिट जारी हो चुके हैं।

इस अवसर पर उपजिलाधिकारी धारचूला जितेंद्र वर्मा, जिला पर्यटन विकास अधिकारी कीर्ति आर्या सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles