उत्तराखंड में प्राथमिक शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया शुरू, 1649 पदों पर होंगे नियुक्ति के लिए आवेदन आमंत्रित

उत्तराखंड में प्राथमिक शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया शुरू, 1649 पदों पर होंगे नियुक्ति के लिए आवेदन आमंत्रित
Spread the love

देहरादून। प्राथमिक शिक्षा विभाग में सहायक अध्यापकों के रिक्त 2100 पदों में से 1649 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं। इन पदों पर जिला स्तर से जल्द ही आवेदन आमंत्रित किए जाएंगे। इस संबंध में निदेशक, प्राथमिक शिक्षा को आवश्यक कार्रवाई हेतु निर्देशित किया गया है।

प्रदेश के विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने मीडिया को बताया कि वर्तमान में प्राथमिक शिक्षकों के 2100 पद रिक्त हैं, जिनमें से 451 पद न्यायालय में लंबित हैं। शेष 1649 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शीघ्र शुरू की जाएगी। चूंकि प्राथमिक शिक्षकों का चयन जनपद कैडर के आधार पर होता है, इसलिए आवेदन आमंत्रण की विज्ञप्ति भी जिला शिक्षा अधिकारी (बेसिक) द्वारा जारी की जाएगी।

डॉ. रावत ने आगे बताया कि पिछले दो वर्षों में प्राथमिक शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से 3000 से अधिक पदों पर नियुक्ति की जा चुकी है। हालांकि एनआईओएस डीएलएड अभ्यर्थियों को शामिल करने को लेकर भर्ती प्रक्रिया में बाधा आई थी। सुप्रीम कोर्ट के निर्णय के बाद राज्य कैबिनेट ने बेसिक शिक्षक सेवा नियमावली में संशोधन कर वर्ष 2017 से 2019 तक के एनआईओएस डीएलएड प्रशिक्षुओं को भी शामिल करने का रास्ता साफ कर दिया है। इसके साथ ही सहायक अध्यापक (विशेष शिक्षा) के पदों को भी नियमावली में जोड़ा गया है।

उन्होंने कहा कि भर्ती प्रक्रिया के पूरा होने के बाद प्रदेश के सभी प्राथमिक विद्यालयों में 100% शिक्षकों की तैनाती सुनिश्चित होगी, जिससे प्राथमिक शिक्षा व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी।

देवभूमि खबर

Related articles