प्रधानमंत्री के भ्रमण को लेकर सुरक्षा व्यवस्था पर डीजीपी उत्तराखण्ड की समीक्षा ,त्रुटिरहित सुरक्षा सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
अचूक सुरक्षा व्यवस्था में 3000 से अधिक पुलिस कर्मी तैनात
देहरादून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 9 नवम्बर 2025 को प्रस्तावित देहरादून भ्रमण कार्यक्रम के दृष्टिगत आज पुलिस महानिदेशक श्री दीपम सेठ ने पुलिस लाइन देहरादून में सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा एवं ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों की ब्रीफिंग की। डीजीपी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे वर्तमान सुरक्षा परिदृश्य में सजग, सतर्क और संवेदनशील दृष्टिकोण अपनाएं तथा सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की चूक न होने दें।
उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि ड्यूटी पर लगे पुलिस कर्मियों का टर्नआउट उच्च स्तर का हो और उन्हें उनकी जिम्मेदारियों के बारे में पूर्ण जानकारी दी जाए। वीवीआईपी से मिलने वाले व्यक्तियों पर विशेष निगरानी रखी जाए और केवल पूर्व में अनुमोदित व्यक्तियों को ही अनुमति दी जाए।
डीजीपी ने निर्देश दिए कि कार्यक्रम स्थल पर प्रवेश के लिए निर्धारित प्वाइंटों पर HHMD व DFMD के माध्यम से सघन जांच की जाए तथा किसी भी व्यक्ति को बिना अनुमति वस्तु ले जाने की अनुमति न दी जाए। कार्यक्रम समाप्ति के बाद भीड़ के सुरक्षित एवं व्यवस्थित निष्क्रमण हेतु समुचित प्रबंध सुनिश्चित किए जाएं।
उन्होंने वीवीआईपी रूट प्रभारी को निर्देशित किया कि सम्पूर्ण रूट का पूर्व निरीक्षण कर यह सुनिश्चित करें कि कहीं भी कोई अवरोध या निर्माण सामग्री न हो। साथ ही कार्यक्रम स्थल व आसपास के क्षेत्रों में ड्रोन संचालन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।
सुरक्षा दृष्टि से डीजीपी ने संदिग्ध व्यक्तियों की सघन जांच, बीडीएस और डॉग स्क्वाड टीमों द्वारा ऊंची इमारतों, जल टंकियों आदि की जांच और आवश्यकतानुसार अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती के निर्देश भी दिए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि ड्यूटी के दौरान किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस अवसर पर अपर पुलिस महानिदेशक (अभिसूचना एवं सुरक्षा) श्री अभिनव कुमार, अपर पुलिस महानिदेशक (अपराध एवं कानून व्यवस्था) श्री वी. मुरुगेशन, पुलिस महानिरीक्षक फायर श्री मुख्तार मोहसिन, पुलिस महानिरीक्षक अभिसूचना एवं सुरक्षा श्री करन सिंह नगन्याल, पुलिस महानिरीक्षक प्रशिक्षण श्री अनन्त शंकर ताकवाले, पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल परिक्षेत्र श्री राजीव स्वरूप, पुलिस महानिरीक्षक अपराध एवं कानून व्यवस्था श्री सुनील मीणा, पुलिस उप महानिरीक्षक धीरेन्द्र गुंज्याल तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून सहित ड्यूटी पर तैनात सभी राजपत्रित अधिकारी उपस्थित रहे।
