खेल महाकुम्भ-2025: 20 दिसम्बर से जनपद में शुरू होंगी खेल प्रतियोगिताएं, तैयारियों को लेकर सीडीओ की अध्यक्षता में बैठक

रूद्रपुर । खेल महाकुम्भ-2025 के अन्तर्गत 20 दिसम्बर से जनपद में खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। खेलों के सफल आयोजन को लेकर मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिए कि न्याय पंचायत, विधानसभा स्तर एवं संसदीय क्षेत्र स्तर के सभी संयोजक खेल समितियों के साथ शीघ्र बैठक कर खेल मैदानों को चिन्हित करते हुए तिथिवार रोस्टर तैयार किया जाए तथा सभी खेल मैदानों में आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने मुख्य चिकित्साधिकारी को तिथिवार खेल मैदानों में चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
मुख्य विकास अधिकारी ने सभी स्तरों पर गठित खेल समितियों को निर्धारित समयानुसार खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी स्तरों पर खेल प्रतियोगिताओं के शुभारम्भ दिवस व समापन अवसरों पर जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित किया जाए। साथ ही क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी एवं ग्राम विकास अधिकारियों को पोस्टर, बैनर तथा सोशल मीडिया के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए, ताकि अधिक से अधिक बच्चे विभिन्न आयु वर्ग की खेल प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग कर सकें।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को पर्याप्त तकनीकी स्टाफ एवं निर्णायकों की तैनाती कर पारदर्शिता के साथ निष्पक्ष खेल प्रतियोगिताएं आयोजित कराने के निर्देश दिए। बच्चों के लिए विभिन्न स्तरों पर जलपान एवं अल्पाहार की व्यवस्था तथा जनपद स्तर पर खिलाड़ियों के लिए शुद्ध एवं ताजा भोजन व पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश जिला युवा कल्याण अधिकारी को दिए गए। साथ ही अधिक से अधिक खिलाड़ियों का पंजीकरण कर प्रतियोगिताओं में सहभागिता बढ़ाने पर जोर दिया गया।
जिला युवा कल्याण अधिकारी बी.एस. रावत ने बताया कि युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग द्वारा शिक्षा विभाग के सहयोग से खेल महाकुम्भ-2025 का आयोजन किया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य राज्य में खेलों का वातावरण सृजित करना, युवाओं एवं दिव्यांगों को खेलों के प्रति आकर्षित करना, प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को चिन्हित करना तथा राज्य के युवाओं को ‘प्ले-ग्राउंड संस्कृति’ की ओर प्रेरित करना है। मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप तक अधिक से अधिक प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का चयन खेल महाकुम्भ का प्रमुख लक्ष्य है।
उन्होंने बताया कि खेल महाकुम्भ में उत्तराखण्ड राज्य के स्थायी निवासी खिलाड़ी ही प्रतिभाग करेंगे। अंडर-14 वर्ग में 11 से 14 वर्ष, अंडर-19 वर्ग में 15 से 19 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ी भाग लेंगे, जबकि दिव्यांग वर्ग के लिए ओपन प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।
न्याय पंचायत स्तर पर कबड्डी, एथलेटिक्स, खो-खो, मुर्गा झपट—कुल 04 खेल आयोजित होंगे। विधानसभा क्षेत्र विधायक चैम्पियनशिप ट्रॉफी में 06 खेल—कबड्डी, एथलेटिक्स, खो-खो, मुर्गा झपट, वॉलीबॉल एवं पिट्टू—आयोजित किए जाएंगे। वहीं संसदीय क्षेत्र सांसद चैम्पियनशिप ट्रॉफी में 11 खेल—कबड्डी, एथलेटिक्स, खो-खो, मुर्गा झपट, वॉलीबॉल, पिट्टू, मलखम्ब, रस्सा कसी, कंचा, फुटबॉल एवं बैडमिंटन—आयोजित होंगे।
उन्होंने बताया कि विजेता खिलाड़ियों को मेडल, प्रमाण पत्र के साथ ही नकद पुरस्कार डीबीटी के माध्यम से प्रदान किए जाएंगे। खिलाड़ियों का पंजीकरण ऑफलाइन के साथ-साथ ऑनलाइन माध्यम से भी किया जा रहा है।
बैठक में मुख्य शिक्षा अधिकारी के.एस. रावत, जिला क्रीड़ा अधिकारी जानकी कार्की, खेल समन्वयक सहित सभी खण्ड विकास अधिकारी, खण्ड शिक्षा अधिकारी, क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी, निकाय अधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
