ऋषिकेश में गीता प्रेस के ‘कल्याण’ शताब्दी अंक का विमोचन, गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री धामी रहे उपस्थित

Spread the love

ऋषिकेश। ऋषिकेश में गीता प्रेस द्वारा आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह एवं मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने संतगणों की उपस्थिति में मासिक पत्रिका ‘कल्याण’ के शताब्दी अंक तथा आरोग्यांक (गुजराती संस्करण) का विमोचन किया।

इस अवसर पर केन्द्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह ने ‘कल्याण’ पत्रिका की शताब्दी यात्रा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इस पत्रिका ने केवल धर्म का प्रचार ही नहीं किया, बल्कि राष्ट्र, संस्कृति और चरित्र निर्माण का मार्ग भी प्रशस्त किया है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता आंदोलन से लेकर आधुनिक भारत तक ‘कल्याण’ पत्रिका ने सनातन विचारधारा की आवाज को सदैव जीवित रखा है। यह पत्रिका समय के साथ बदली नहीं, बल्कि समय को दिशा देने का कार्य करती रही है।

श्री अमित शाह ने कहा कि गीता प्रेस, गोरखपुर केवल एक प्रकाशन संस्था नहीं है, बल्कि यह भारतीय हिंदू धार्मिक साहित्य के प्रचार-प्रसार का एक महत्वपूर्ण सामाजिक एवं सांस्कृतिक स्तम्भ है।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि भारतीय संस्कृति के व्यापक प्रचार-प्रसार में गीता प्रेस ने असाधारण योगदान दिया है। गीता प्रेस द्वारा प्रकाशित ग्रंथों और पत्रिकाओं ने देश-विदेश में भारतीय संस्कृति और सनातन मूल्यों को सुदृढ़ किया है।

इस अवसर पर गढ़वाल सांसद श्री अनिल बलूनी, कैबिनेट मंत्री श्री सुबोध उनियाल, डॉ. धन सिंह रावत, विधायक श्री उमेश शर्मा काऊ, श्रीमती रेनू बिष्ट सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं संतगण उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles