एसपी मुख्यालय विशाखा अशोक भदाणे (IPS) ने किया घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण,पीड़ित परिवार से भेंट कर सुना पक्ष

एसपी मुख्यालय विशाखा अशोक भदाणे (IPS) ने किया घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण,पीड़ित परिवार से भेंट कर सुना पक्ष
Spread the love

देहरादून के कोतवाली नगर क्षेत्र में युवती की जघन्य हत्या से संबंधित प्रकरण में नामित जांच अधिकारी पुलिस अधीक्षक, श्रीमती विशाखा अशोक भदाणे (IPS) द्वारा आज प्रकरण की विस्तृत समीक्षा की गई।

पुलिस मुख्यालय के निर्देशों के क्रम में पुलिस अधीक्षक ने घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण कर घटना से जुड़े सभी पहलुओं का गहन परीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पीड़ित परिवार से भेंट कर उनके पक्ष को गंभीरतापूर्वक सुना तथा उनके बयान दर्ज किए। साथ ही घटना से संबंधित प्रत्येक महत्वपूर्ण बिन्दु पर आवश्यक जानकारी प्राप्त की।

उन्होंने शोकाकुल परिवार के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए आश्वस्त किया कि प्रकरण की जांच पूर्णतः निष्पक्ष, पारदर्शी एवं तथ्यपरक ढंग से की जा रही है। साथ ही यह भी स्पष्ट किया कि यदि किसी भी स्तर पर कर्तव्य निर्वहन में लापरवाही अथवा त्रुटि पाई जाती है, तो संबंधित के विरुद्ध सख्त विधिक कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।

पुलिस अधीक्षक द्वारा कोतवाली नगर एवं पुलिस चौकी खुड़बुड़ा पहुंचकर प्रकरण से संबंधित अभिलेखों, प्राप्त सूचनाओं एवं पुलिस रिस्पॉन्स से जुड़े दस्तावेजों का विस्तृत अवलोकन किया गया। उन्होंने बताया कि जांच के दौरान घटना के समय पुलिस रिस्पॉन्स, प्राप्त सूचनाओं पर की गई कार्यवाही सहित प्रत्येक पहलू का गहन परीक्षण किया जा रहा है।

इस संबंध में श्री सुनील कुमार मीणा, पुलिस महानिरीक्षक (अपराध एवं कानून व्यवस्था), उत्तराखण्ड ने बताया कि पुलिस मुख्यालय द्वारा इस संवेदनशील प्रकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता में रखते हुए जांच की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है।

देवभूमि खबर

Related articles