ओबीसी कल्याण को मिलेगा नया आधार: दोनों मंडलों में बनेंगे बहुउद्देशीय भवन : मुख्यमंत्री धामी

Spread the love

देहरादून। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने आज सचिवालय में उत्तराखण्ड अन्य पिछड़ा वर्ग आयोग के कार्यों की समीक्षा बैठक की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राज्य के दोनों मंडलों में उत्तराखण्ड अन्य पिछड़ा वर्ग कल्याण बहुउद्देशीय भवन/सामुदायिक भवन का निर्माण किया जाए तथा इन निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र आगे बढ़ाया जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रस्तावित बहुउद्देशीय भवनों में बैंक्वेट हॉल, गेस्ट हाउस, सभागार, प्रशिक्षण कक्ष, बैठक कक्ष सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं विकसित की जाएं, जिससे सामाजिक, शैक्षिक एवं प्रशासनिक गतिविधियों का प्रभावी संचालन सुनिश्चित हो सके। उन्होंने अधिकारियों को इन भवनों की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) शीघ्र तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए।

मुख्यमंत्री ने ओबीसी बाहुल्य क्षेत्रों में राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार पर जोर देते हुए कहा कि पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाए जाएं। उन्होंने विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं नियमित समीक्षा के माध्यम से प्रगति की निगरानी करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि लाभार्थियों से प्राप्त फीडबैक के आधार पर योजनाओं में आवश्यक सुधार किए जाएं, ताकि योजनाओं का लाभ अधिक प्रभावी रूप से आमजन तक पहुंच सके। उन्होंने दोहराया कि राज्य सरकार समाज के सभी वर्गों के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है तथा ओबीसी वर्ग के उत्थान हेतु शिक्षा, कौशल विकास, स्वरोजगार एवं सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं को प्राथमिकता दी जा रही है।

बैठक में उत्तराखण्ड अन्य पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष श्री संजय नेगी, प्रमुख सचिव श्री आर.के. सुधांशु, सचिव श्री श्रीधर बाबू अद्दांकी, अपर सचिव श्री नवनीत पांडे, अपर सचिव श्री संदीप तिवारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

मुख्यमंत्री धामी ने ‘मुख्यमंत्री एकल महिला स्वरोजगार योजना’ का किया शुभारंभ, 484 लाभार्थियों को ₹3.45 करोड़ की सहायता डीबीटी से हस्तांतरित

Spread the loveदेहरादून।मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्य सेवक सदन, देहरादून में आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग करते हुए महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत संचालित मुख्यमंत्री एकल महिला स्वरोजगार योजना का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री द्वारा प्रथम चरण में जनपद बागेश्वर (42 लाभार्थी), देहरादून […]