रुद्रप्रयाग के कप्तान अक्षय कोंडे को भावभीनी विदाई, पिथौरागढ़ में संभालेंगे नई जिम्मेदारी
रुद्रप्रयाग। जनपद पुलिस कार्यालय के प्रांगण में आज एक गरिमामय विदाई समारोह का आयोजन किया गया। जनपद के पुलिस अधीक्षक श्री अक्षय प्रल्हाद कोंडे के Pithoragarh के पुलिस अधीक्षक पद पर स्थानांतरण होने पर समस्त पुलिस परिवार द्वारा उन्हें भावभीनी विदाई दी गई। 7 सितम्बर 2024 को जनपद की कमान संभालने वाले श्री कोंडे ने अपने 1 वर्ष 5 माह और 7 दिनों के कार्यकाल में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने के साथ-साथ अधीनस्थों के बीच एक संवेदनशील और प्रेरक नेतृत्व की छाप छोड़ी।
श्री कोंडे के नेतृत्व में वर्ष 2024 की Kedarnath Temple यात्रा का द्वितीय चरण तथा वर्ष 2025 की संपूर्ण यात्रा सुव्यवस्थित और सुरक्षित ढंग से संपन्न हुई। यात्रा प्रबंधन में टोकन सिस्टम लागू कर पीक सीजन के दौरान भी भीड़ नियंत्रण सुनिश्चित किया गया, जिससे श्रद्धालुओं को सुगम दर्शन का लाभ मिला।
धाम की पवित्रता बनाए रखने हेतु गुप्तकाशी से केदारनाथ तक मांस-मीट के परिवहन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का ऐतिहासिक निर्णय भी उनके कार्यकाल की प्रमुख उपलब्धि रहा। अभियान के तहत लगभग 380 किलोग्राम अवैध मांस का विनष्टीकरण कर स्पष्ट संदेश दिया गया कि धार्मिक आस्था के साथ कोई समझौता स्वीकार्य नहीं होगा।
विदाई समारोह के दौरान जवानों ने भाव
ुक होकर साझा किया कि श्री कोंडे केवल कप्तान नहीं, बल्कि अभिभावक की भूमिका में रहे। केदारनाथ सहित भीमबली और गौरीकुण्ड जैसे दुर्गम पड़ावों पर पुलिस बल के लिए स्थायी आवास, मूलभूत सुविधाओं और रसद व्यवस्था को सुदृढ़ करने हेतु उन्होंने स्वयं कई बार पैदल ट्रैकिंग की। विषम परिस्थितियों में तैनात जवानों के बीच पहुंचकर उनका मनोबल बढ़ाना और मौके पर समस्याओं का समाधान करना उनकी कार्यशैली की पहचान रही।
साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए उन्होंने “साइबर कम्बैट फोर्स” का गठन किया। पुलिस टीम ने स्वयं ग्राहक बनकर ठगों को जाल में फंसाया, जिसके परिणामस्वरूप 104 साइबर अपराधियों के मोबाइल नंबर ब्लॉक किए गए तथा उनके बैंक खाते फ्रीज कराए गए। हेलीकॉप्टर टिकटों की कालाबाजारी और ओवररेटिंग पर सख्त कार्रवाई कर चारधाम यात्रा की छवि को स्वच्छ बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई गई।
समारोह में पुलिस उपाधीक्षक गुप्तकाशी श्री विकास पुण्डीर ने कप्तान के साथ बिताए गौरवशाली पलों को याद करते हुए कहा कि उनका अनुशासन और समयबद्धता सभी के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा। अंत में श्री अक्षय प्रल्हाद कोंडे को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
अपने संबोधन में पुलिस अधीक्षक अक्षय कोंडे ने कहा कि इस जिले में नियुक्ति उनका कैरियर गोल था। यहां कर्तव्य निर्वहन के साथ विभिन्न स्थानों पर ट्रैकिंग का अवसर भी मिला। उन्होंने केदारनाथ यात्रा अवधि में अधीनस्थ पुलिस बल की मेहनत और ईमानदारी की सराहना करते हुए कहा कि स्थानांतरण एक नियमित प्रक्रिया है और आने वाले अधिकारी के साथ भी पूर्ण मनोयोग से कार्य करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर पुलिस उपाधीक्षक गुप्तकाशी विकास पुण्डीर, प्रतिसार निरीक्षक कैलाश शर्मा, एसएचओ रुद्रप्रयाग सुरेश बलूनी, एसएचओ सोनप्रयाग राकेन्द्र कठैत, एसएचओ गुप्तकाशी राकेश कुमार, एसएचओ अगस्त्यमुनि गुमान सिंह, निरीक्षक एलआईयू मनोज बिष्ट, वाचक ठाकुर सिंह रावत, प्रभारी आशुलिपिक नरेन्द्र सिंह सहित जनपद के समस्त शाखा प्रभारी, थाना प्रभारी एवं पुलिस कार्यालय का स्टाफ उपस्थित रहा।

