टाटा सूमो अनियंत्रित होकर खाई में गिरी, तीन यात्री गंभीर रूप से घायल
रामनगर।देवभूमि खबर। शहर के मोहना से सल्ट मौलिखाल तक यात्रियों को लेकर जा रही टाटा सूमो तल्ला सल्ट के पास अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। जिसमें तीन यात्रियों को गंभीर चोट आईं हैं। घायलों को उपचार के लिए रामनगर अस्पताल लाया गया। यहां तीन घायलों में से दो को डॉक्टरों ने हायर सेंटर रेफर किया।
मोहना से तीन यात्री अपने घर मौलिखाल जाने के लिए टाटा सूमो वाहन में सवार होकर निकले थे। जिसमें एक महिला, एक बालक और एक युवक कुल तीन लोग थे। जब वाहन तल्ला साल्ट पहुंचा तो यहां वाहन चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया। वाहन पर नियंत्रण खोता देख चालक समेत बालक और युवक ने वाहन में से छलांग लगा दी, जबकि वाहन में मौजूद महिला वाहन के साथ गहरी खाई में जा गिरी। जिस कारण उसे गंभीर चोटें आई हैं, जबकि चलते वाहन में से कूदने पर बालक और युवक भी जख्मी हो गए। जिन्हें नजदीक के स्वास्थ्य केंद्र देवालय लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को रामनगर संयुक्त चिकित्सालय उपचार के लिए रेफर कर दिया गया। रामनगर पहुंचे घायलों में से महिला सीमा देवी और बालक सौरभ (10) की हालत चिंताजनक देखते हुए डॉक्टरों ने हायर सेंटर रेफर कर दिया है। जबकि घायल युवक का उपचार संयुक्त चिकित्सालय में चल रहा है।

