केदारनाथ में पुननिर्माण कार्यों का पीएम नरेंद्र मोदी ने लिया जायजा

रुद्रप्रयाग।देवभूमि खबर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केदारनाथ में पुननिर्माण कार्यों का जायजा लिया। केदारनाथ परिसर में लोगों से मुलाकात करने के बाद पीएम ने पुनर्निर्माण कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान मुख्य सचिव उत्पल कुमार ने उन्हें धाम के विकास कार्यों की जानकारी दी।
शनिवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी नौ बजकर पैंतीस मिनट पर एमआई 17 हेलीकाॅप्टर से मंदिर के पीछे बने वीवीआईपी हेलीपैड पहुंचे। यहां से उन्होंने मंदिर के लिए पैदल ही प्रस्थान किया। करीब पन्द्रह मिनट बाद पीएम मोदी केदारनाथ मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने भगवान को हाथ जोड़कर नमन किया और गर्भगृह में आधे घंटे तक पूर्जा-अर्चना और रूद्राभिषेक किया। पूजा के बाद मुख्य पुजारी केदार लिंग ने उन्हें रुद्र की माला पहनाई और माथे पर चंदन लगाया। वहीं पीएम को विशेष शॉल भी पहनाई। इसके बाद पीएम मोदी ने मुख्य सचिव उत्पल कुमार और निम के अधिकारी मनोज सेमवाल से धाम में चल रहे पुनर्निर्माण कार्यों के बारे में विस्तार से जानकारी ली। करीब आधे घंटे तक पुनर्निर्माण कार्यों पर चर्चा की गई और फिर पीएम मोदी ने सेफ हाउस में आराम किया। पीएम दौरे के मद्देनजर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। लगभग तीन किमी में फैली केदारपुरी को छावनी में तब्दील कर दिया गया है। एसपीजी, पुलिस, पीएससी, एसडीआरएफ, होमगार्ड के जवान तैनात किए गए हैं। शासन, प्रशासन और पुलिस के अधिकारी तीन दिन से यहां डटे हुए हैं। दूसरी ओर जिला प्रशासन द्वारा सभी व्यवस्थाएं चाक-चैबंद की गई थी। मंदिर परिसर से कार्यस्थलों तक जाने वाले रास्तों से बर्फ को साफ कर आवाजाही के लिए दुरुस्त किया गया था।

