आंगनबाड़ी राशन आपूर्ति में गड़बड़ी पर डीएम देहरादून का बड़ा एक्शन, रुड़की के सेंट्रल गोदाम में छापेमारी

आंगनबाड़ी राशन आपूर्ति में गड़बड़ी पर डीएम देहरादून का बड़ा एक्शन, रुड़की के सेंट्रल गोदाम में छापेमारी
Spread the love

देहरादून।जिलाधिकारी देहरादून सविन बंसल ने आंगनबाड़ी केंद्रों में आपूर्ति हो रही खाद्य सामग्री की गुणवत्ता को लेकर मिल रही शिकायतों पर कड़ा संज्ञान लेते हुए रुड़की के माड़ी चौक स्थित सेंट्रल गोदाम में छापेमारी की। यह गोदाम गढ़वाल और कुमाऊँ मंडलों के आंगनबाड़ी केंद्रों को राशन आपूर्ति करता है। डीएम की इस कार्रवाई से आपूर्तिकर्ताओं में हड़कंप मच गया।

निरीक्षण के दौरान गोदाम में कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। डीएम को गोदाम परिसर में बाल श्रमिक काम करते हुए मिले, जिस पर उन्होंने गोदाम स्वामी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही गोदाम के संचालन में भी कई मानकों की अनदेखी पाई गई।
जांच के दौरान खजूर और केले के चिप्स के पैकेटों पर अंकित मैन्युफैक्चरिंग और एक्सपायरी तिथि संदिग्ध पाई गई। कई पैकेटों पर इन तिथियों का उल्लेख ही नहीं था, जबकि कुछ पैकेटों पर छपी हुई तिथि की जगह स्टैंप लगाकर तिथि अंकित की गई थी, जिससे सामग्री की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए।

डीएम ने पाया कि गोदाम में खाद्य सामग्री के भंडारण के लिए आवश्यक तापमान बनाए रखने की कोई व्यवस्था नहीं है। साथ ही यह भी सामने आया कि दिसंबर और जनवरी माह के अंडे एवं अन्य खाद्य सामग्री मार्च माह में वितरित की जा रही थी, जिससे बच्चों और धात्री महिलाओं के स्वास्थ्य पर खतरा उत्पन्न हो सकता है।

निरीक्षण के दौरान रजिस्टर भी अद्यतन नहीं पाए गए और सामग्री आपूर्ति करने वाली फर्म द्वारा जारी गुणवत्ता प्रमाण पत्र भी उपलब्ध नहीं कराया गया। इसके अतिरिक्त अंडों की गुणवत्ता भी संदिग्ध पाई गई।

डीएम सविन बंसल ने मौके पर ही आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए रवाना हो रहे वाहनों को रुकवाकर सैंपलिंग की कार्रवाई करवाई। ये वाहन टिहरी, उत्तरकाशी और डोईवाला के आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए सामग्री लेकर निकलने वाले थे।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पूरे मामले की विस्तृत जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि राज्य के नौनिहालों और धात्री महिलाओं के स्वास्थ्य से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ न हो सके।

इस दौरान उप जिलाधिकारी सदर हरी गिरी, जिला कार्यक्रम अधिकारी बाल विकास जितेंद्र कुमार, तहसीलदार सुरेंद्र देव, कानूनगो रुड़की संजय कुमार सहित अन्य अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे।

देवभूमि खबर

Related articles