रसोई गैस व पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों के खिलाफ यूथ कांग्रेस का प्रदर्शन, प्रेमनगर चौराहे पर फूंका सरकार का पुतला

रसोई गैस व पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों के खिलाफ यूथ कांग्रेस का प्रदर्शन, प्रेमनगर चौराहे पर फूंका सरकार का पुतला
Spread the love

देहरादून। प्रदेश में रसोई गैस तथा पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों के विरोध में यूथ कांग्रेस ने कैंट विधानसभा क्षेत्र के प्रेमनगर चौराहे पर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुतला दहन कर महंगाई के खिलाफ रोष व्यक्त किया।

यह प्रदर्शन यूथ कांग्रेस नेता रितेश छेत्री के नेतृत्व में आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई से आम जनता का जीवन प्रभावित हो रहा है और लोगों में सरकार के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है।

इस अवसर पर रितेश छेत्री ने कहा कि भाजपा सरकार की गलत आर्थिक नीतियों के कारण रसोई गैस, पेट्रोल और डीजल की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं। महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है, लेकिन सरकार को जनता की परेशानियों से कोई सरोकार नहीं है।

वक्ताओं ने कहा कि रसोई गैस की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी का सबसे अधिक असर महिलाओं और गृहस्थी चलाने वाले परिवारों पर पड़ रहा है। वहीं पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों का असर सभी आवश्यक वस्तुओं की कीमतों पर पड़ता है, जिससे महंगाई लगातार बढ़ रही है। उन्होंने सरकार से महंगाई पर नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की और चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं किया गया तो कांग्रेस और यूथ कांग्रेस व्यापक जनआंदोलन शुरू करेगी।

इस मौके पर व्यापार मंडल नेता राजेश शर्मा ने कहा कि बढ़ती महंगाई का सीधा असर छोटे व्यापारियों और दुकानदारों पर भी पड़ रहा है। पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ने से परिवहन लागत में वृद्धि होती है, जिसका बोझ अंततः व्यापारियों और उपभोक्ताओं दोनों को उठाना पड़ता है।
वहीं व्यापार मंडल नेता राजीव पुंज ने कहा कि महंगाई के कारण बाजार की रौनक कम होती जा रही है और व्यापार पर नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है। यदि इसी तरह कीमतें बढ़ती रहीं तो छोटे व्यापारियों के सामने गंभीर संकट खड़ा हो जाएगा। उन्होंने सरकार से महंगाई कम करने के लिए त्वरित और प्रभावी कदम उठाने की मांग की।
यूथ कांग्रेस ने कहा कि जनता की आवाज को दबाने की किसी भी कोशिश का लोकतांत्रिक तरीके से जोरदार विरोध किया जाएगा।

प्रदर्शन में संजय शर्मा, लाल चंद शर्मा, गरिमा मेहरा दसौनी, संगीता गुप्ता, दीवान सिंह बिष्ट, पिया थापा, आशीष देसाई, कैलाश बाल्मीकि, अनिल बस्नेत, विनय शर्मा, अनूप शर्मा, सुखपाल गांधी, अशोक गुप्ता, हेली, कुलदीप नरूला, हरदीप, इशू, मयंक, सोनू बिष्ट, पीयूष जोशी, प्रियांशु गौड़, वंश सूद सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

देवभूमि खबर

Related articles