प्रेमनगर में पुलिस मुठभेड़: लूटकांड का आरोपी बदमाश ढेर, थाना प्रभारी घायल
देहरादून।प्रेमनगर क्षेत्र में 29-30 अप्रैल 2026 की रात हुई पुलिस मुठभेड़ में लूट और जानलेवा हमले में शामिल एक बदमाश मारा गया, जबकि थाना प्रभारी प्रेमनगर गोली लगने से घायल हो गए। घटना उस समय सामने आई जब पौंधा रोड पर ठेकेदारी कार्य करने वाले देवराज को अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर करीब 2 लाख रुपये, मोबाइल और दस्तावेज लूट लिए।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए भेजते हुए बदमाशों का पीछा किया। इस दौरान जंगल क्षेत्र में बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसमें थाना प्रभारी घायल हो गए। पुलिस द्वारा आत्मरक्षा में की गई जवाबी फायरिंग में एक बदमाश घायल हुआ, जिसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
मृतक की पहचान अकरम पुत्र मासूम अली निवासी शामली, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। उसके कब्जे से देसी पिस्टल, तमंचा, कारतूस और घटना में लूटा गया पूरा सामान बरामद किया गया। जांच में सामने आया कि अकरम वर्ष 2014 के बालावाला अंकित हत्याकांड का मुख्य आरोपी था और लंबे समय तक फरार रहने पर उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। उसके खिलाफ उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में हत्या, लूट, डकैती सहित एक दर्जन से अधिक संगीन मुकदमे दर्ज थे।
पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल परिक्षेत्र एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने जानकारी देते हुए बताया कि घटना में शामिल बदमाशों द्वारा सुनियोजित तरीके से लूट की वारदात को अंजाम दिया गया था। पुलिस की त्वरित कार्रवाई और साहसिक जवाबी फायरिंग के चलते एक आरोपी को ढेर किया गया है, जबकि अन्य फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित कर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
फरार बदमाशों की तलाश के लिए पूरे जनपद में अभियान जारी है तथा मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।

