आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने परेड ग्राउंड से मुख्यमंत्री आवास तक कूच किया, पुलिस ने रोका; मांगों को लेकर सौंपा ज्ञापन

Spread the love

देहरादून।आंगनवाड़ी कार्यकर्ता/सेविका/मिनी कर्मचारी संगठन उत्तराखंड के बैनर तले बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने शनिवार को अपनी विभिन्न मांगों को लेकर परेड ग्राउंड से मुख्यमंत्री आवास की ओर कूच किया। प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था के तहत प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोक दिया।

प्रदर्शनकारी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने अपनी मांगों को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को संबोधित ज्ञापन सौंपा। संगठन का कहना है कि लंबे समय से विभिन्न समस्याओं के समाधान के लिए सरकार से मांग की जा रही है, लेकिन अभी तक ठोस निर्णय नहीं लिया गया है।

ज्ञापन में प्रमुख रूप से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय में वृद्धि की मांग की गई है। संगठन ने राज्य सरकार से प्रतिदिन 140 रुपये की वृद्धि करने और केंद्र सरकार को प्रतिदिन 150 रुपये बढ़ोतरी का प्रस्ताव भेजने की मांग उठाई है।

इसके अलावा संगठन ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के सेवानिवृत्ति पर 10 लाख रुपये देने संबंधी शासनादेश जारी होने के बाद ही खातों से 300 रुपये की कटौती का प्रस्ताव लागू किया जाए। जब तक संबंधित शासनादेश जारी नहीं होता, तब तक खातों से 300 रुपये की कटौती न किए जाने की मांग की गई है।

ज्ञापन में यह भी मांग रखी गई कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को बायोमेट्रिक मशीन से न जोड़ा जाए।

संगठन के प्रतिनिधियों ने कहा कि लंबे समय से लंबित मांगों के समाधान के लिए सरकार से सकारात्मक पहल की अपेक्षा है, ताकि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की समस्याओं का शीघ्र समाधान हो सके।

देवभूमि खबर

Related articles