HTML tutorial
HTML tutorial

दून पुलिस की कार्रवाई: रायवाला में ऑनलाइन सट्टा गिरोह का भंडाफोड़, 4 गिरफ्तार

दून पुलिस की कार्रवाई: रायवाला में ऑनलाइन सट्टा गिरोह का भंडाफोड़, 4 गिरफ्तार
Spread the love

देहरादून।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून को प्राप्त गोपनीय सूचना के आधार पर दून पुलिस ने रायवाला क्षेत्र में ऑनलाइन सट्टेबाजी गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई कोतवाली रायवाला पुलिस द्वारा की गई।

पुलिस टीम ने हरिपुर कलां स्थित शांति भवन में छापेमारी कर मौके पर ऑनलाइन गेमिंग के माध्यम से सट्टा संचालित करते हुए चार युवकों—दर्शन जगनानी, साहिल आहूजा, सूरज एवं हेमंत शर्मा—को गिरफ्तार किया। सभी आरोपी मध्य प्रदेश के निवासी हैं।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से सट्टेबाजी से एकत्रित 1,84,000 रुपये नगद, एक लैपटॉप, सात मोबाइल फोन, 19 एटीएम कार्ड, तीन बैंक पासबुक, एक चेकबुक, चार सिम कार्ड तथा तीन रजिस्टर बरामद किए हैं। पुलिस ने सट्टेबाजी में प्रयुक्त बैंक खातों को भी सीज कर दिया है।

जांच में सामने आया कि आरोपी प्रतिबंधित ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से क्रिकेट मैचों पर सट्टा लगवा रहे थे। वे ग्राहकों को लिंक भेजकर उन्हें व्हाट्सएप के जरिए जोड़ते थे, इसके बाद बैंक खातों में पैसे जमा कराकर आईडी और पासवर्ड उपलब्ध कराए जाते थे, जिससे ग्राहक ऑनलाइन सट्टा लगा सकें।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों के खिलाफ कोतवाली रायवाला में धारा 318(4)/61(2) बीएनएस, आईटी एक्ट की धारा 66सी/66डी एवं जुआ अधिनियम की धारा 13 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

एसएसपी देहरादून के निर्देश पर गठित टीम का नेतृत्व सहायक पुलिस अधीक्षक/थाना प्रभारी रायवाला द्वारा किया गया। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ऑनलाइन सट्टेबाजी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और इसमें संलिप्त व्यक्तियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

देवभूमि खबर

Related articles