परियोजनाओं में देरी बर्दाश्त नहीं, बाधाओं का तत्काल समाधान करें: मुख्य सचिव

परियोजनाओं में देरी बर्दाश्त नहीं, बाधाओं का तत्काल समाधान करें: मुख्य सचिव
Spread the love

नैनीताल। मुख्य सचिव श्री आनन्द बर्द्धन ने डॉ. आर. एस. टोलिया प्रशासनिक अकादमी, नैनीताल में संचालित विभिन्न परियोजनाओं और विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी स्तर पर आ रही प्रशासनिक, तकनीकी या प्रक्रियागत बाधाओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि यदि कोई समस्या शासन स्तर की है तो उसे तुरंत शासन के संज्ञान में लाया जाए।


मुख्य सचिव ने सभी विभागों को मासिक लक्ष्य निर्धारित कर नियमित रूप से कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने लंबित टेंडर, स्वीकृतियां और तकनीकी अनुमोदनों को शीघ्र पूरा करने पर जोर देते हुए कहा कि जिला स्तर पर जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी परियोजनाओं की निरंतर समीक्षा करें।


पेयजल कार्यों की समीक्षा के दौरान उन्होंने गर्मी के मौसम को देखते हुए सभी पेयजल परियोजनाओं को समयबद्ध रूप से पूरा करने के निर्देश दिए। वहीं सिंचाई विभाग की समीक्षा में ₹3678.23 करोड़ लागत की जमरानी बांध परियोजना की प्रगति का जायजा लेते हुए इसे जून 2029 तक पूर्ण करने के निर्देश दिए।


टनल निर्माण कार्यों की समीक्षा के दौरान मुख्य सचिव ने अधिकारियों को ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेलवे परियोजना के अंतर्गत निर्माणाधीन टनलों और अन्य कार्यस्थलों का भ्रमण करने के निर्देश दिए, ताकि वहां के अनुभवों का लाभ उठाकर कार्यों में तेजी लाई जा सके।


उन्होंने कुमाऊं विश्वविद्यालय में बीएड विधि संकाय भवन, गेठिया मानसिक चिकित्सालय और मेडिकल कॉलेज में स्टेट कैंसर संस्थान के निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। नमो भवन के निर्माण में हो रही देरी पर भी नाराजगी जताते हुए कुमाऊं आयुक्त से विस्तृत रिपोर्ट मांगी।


बैठक में आयुक्त कुमाऊं एवं सचिव मुख्यमंत्री श्री दीपक रावत, जिलाधिकारी श्री ललित मोहन रयाल, एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles