उत्तराखंड मंत्रिमंडल विस्तार: शपथ लेने वाले तीन मंत्री पूर्व कांग्रेसी, सियासी चर्चाएं तेज
देहरादून। उत्तराखंड मंत्रिमंडल के हालिया विस्तार के साथ सियासी हलकों में नई चर्चा शुरू हो गई है। लोकभवन में आयोजित समारोह में राज्यपाल गुरमीत सिंह ने जिन पांच विधायकों को मंत्री पद की शपथ दिलाई, उनमें से तीन नेता पूर्व में कांग्रेस से जुड़े रहे हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की उपस्थिति में खजान दास, मदन कौशिक, भरत सिंह चौधरी, प्रदीप बत्रा और राम सिंह कैड़ा को मंत्री पद की शपथ दिलाई गई।
राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, इन मंत्रियों में से तीन नेताओं का अतीत कांग्रेस से जुड़ा रहा है और बाद में वे भाजपा में शामिल हुए। ऐसे में चुनावी वर्ष में इस घटनाक्रम को राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
मंत्रिमंडल विस्तार के इस कदम को जहां भाजपा संगठनात्मक मजबूती के रूप में देख रही है, वहीं विपक्ष इसे चुनावी रणनीति से जोड़कर सवाल उठा रहा है।
समारोह में भगत सिंह कोश्यारी सहित कई वरिष्ठ नेता, मंत्री और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन द्वारा किया गया।

