कैची धाम में श्रद्धालुओं की भीड़ से लगा भीषण जाम, घंटों फंसे रहे यात्री
रिपोर्ट: ललित जोशी
नैनीताल।सरोवर नगरी नैनीताल से करीब 15 किलोमीटर दूर स्थित कैंची धाम में श्रद्धालुओं की अचानक बढ़ी भीड़ के कारण भीषण जाम की स्थिति बन गई। बाबा नीम करौली बाबा के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं से भवाली-अल्मोड़ा मार्ग पर यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया।
सुबह से ही हजारों श्रद्धालु मंदिर पहुंचने लगे, जिससे राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। जाम के कारण पर्यटकों के साथ-साथ स्थानीय लोगों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई यात्री घंटों तक जाम में फंसे रहे।
मंदिर परिसर में भी दर्शन के लिए लंबी कतारें देखने को मिलीं, जहां श्रद्धालुओं को कई घंटे इंतजार के बाद दर्शन हो सके। यह मार्ग पहाड़ी क्षेत्रों के लिए महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग होने के कारण यातायात दबाव और अधिक बढ़ गया।
मौके पर मौजूद पुलिस और प्रशासन की टीम ने यातायात को सुचारू करने के प्रयास किए। स्थानीय प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे भीड़भाड़ वाले दिनों में यात्रा के दौरान सावधानी बरतें और यातायात नियमों का पालन करें।

