देहरादून में 2 अप्रैल को मेगा रोजगार मेला, 70 कंपनियां देंगी 1200 पॉलीटेक्निक छात्रों को अवसर

देहरादून। उत्तराखंड में तकनीकी शिक्षा को रोजगारोन्मुख बनाने की दिशा में प्राविधिक शिक्षा विभाग द्वारा बड़े स्तर पर पहल की जा रही है। इसके तहत गढ़वाल और कुमाऊं मंडल में पृथक-पृथक मेगा रोजगार मेलों का आयोजन किया जाएगा, जिनमें 70 बहुराष्ट्रीय कंपनियां प्रतिभाग करेंगी।
गढ़वाल मंडल के अंतर्गत 2 अप्रैल को राजकीय पॉलिटेक्निक संस्थान पित्थुवाला, देहरादून में संयुक्त कैंपस प्लेसमेंट शिविर आयोजित किया जाएगा। इस मेले में प्रदेश के 39 राजकीय एवं सहायता प्राप्त पॉलिटेक्निक संस्थानों के विभिन्न ट्रेडों के अंतिम वर्ष के लगभग 1200 छात्र-छात्राएं भाग लेंगे, जिनमें से करीब 1000 छात्र-छात्राएं पहले ही पंजीकरण करा चुके हैं।
प्राविधिक शिक्षा विभाग के अनुसार, इस प्लेसमेंट ड्राइव में सिविल, मैकेनिकल, ऑटोमोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स, इलेक्ट्रिकल, आईटी, कंप्यूटर साइंस, फार्मेसी, एआईएमएल समेत विभिन्न पाठ्यक्रमों के विद्यार्थी शामिल होंगे। इसके अलावा ऐसे पासआउट छात्र-छात्राओं को भी अवसर दिया जा रहा है, जो अभी तक रोजगार से वंचित हैं।
रोजगार मेले में टीवीएस मोटर्स, रिलायंस जियो, एस्कॉर्ट्स कुबोटा, अपोलो फार्मेसी, अकम्स ड्रग्स एंड फार्मास्यूटिकल्स, एटीएल बैटरी टेक्नोलॉजी, हायर अप्लायंसेज, अशोका लेलैंड और हैवल्स जैसी प्रमुख कंपनियां भाग लेंगी। चयन प्रक्रिया साक्षात्कार, लिखित परीक्षा और कौशल परीक्षण के आधार पर की जाएगी।
विभागीय अधिकारियों ने बताया कि इसके बाद कुमाऊं मंडल में भी इसी प्रकार का रोजगार मेला आयोजित किया जाएगा, जिससे वहां के पॉलिटेक्निक छात्रों को भी समान अवसर मिल सके।
तकनीकी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि गढ़वाल और कुमाऊं मंडल में आयोजित ये रोजगार मेले न केवल छात्रों को रोजगार के अवसर प्रदान करेंगे, बल्कि उद्योगों की आवश्यकताओं और तकनीकी शिक्षा के बीच बेहतर समन्वय भी स्थापित करेंगे। उन्होंने कहा कि यह पहल युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने और तकनीकी शिक्षा को रोजगारोन्मुख बनाने में महत्वपूर्ण साबित होगी।

