हरिद्वार में एलपीजी समस्या के समाधान को पीएनजी कनेक्शन पर जोर, प्रशासन ने दिए निर्देश

हरिद्वार। जनपद में होटल एसोसिएशन और धर्मशालाओं में एलपीजी गैस की समस्या के समाधान के लिए प्रशासन ने पीएनजी (पाइप्ड नेचुरल गैस) कनेक्शन को बढ़ावा देने की पहल शुरू की है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशों के अनुपालन में नगर मजिस्ट्रेट श्रीमती कुश्म चौहान की अध्यक्षता में नगर मजिस्ट्रेट कार्यालय में होटल एवं धर्मशाला संचालकों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में नगर मजिस्ट्रेट ने होटल एसोसिएशन और धर्मशालाओं के पदाधिकारियों से अपील की कि वर्तमान गैस आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं को देखते हुए पीएनजी कनेक्शन लेना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि आगामी चारधाम यात्रा को सुव्यवस्थित ढंग से संचालित करने के लिए सभी प्रतिष्ठान समय रहते पीएनजी कनेक्शन के लिए आवेदन कर लें, ताकि यात्रा शुरू होने से पहले ही गैस आपूर्ति सुचारु रूप से सुनिश्चित की जा सके।
उन्होंने यह भी कहा कि होटल और धर्मशालाओं के पदाधिकारी आपसी समन्वय से इस पहल का व्यापक प्रचार-प्रसार करें, जिससे अधिक से अधिक व्यावसायिक प्रतिष्ठान पीएनजी कनेक्शन के लिए आगे आएं। नगर मजिस्ट्रेट ने पीएनजी गैस प्रबंधन को निर्देशित किया कि जिन प्रतिष्ठानों द्वारा आवेदन किया जाए, उन्हें शीघ्र कनेक्शन उपलब्ध कराया जाए और इसमें किसी प्रकार की ढिलाई न बरती जाए।
साथ ही, इंडियन ऑयल और बीपीसीएल गैस एजेंसियों को भी निर्देश दिए गए कि वे व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की मांग के अनुरूप एलपीजी गैस आपूर्ति के लिए विशेष प्रबंध सुनिश्चित करें। इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन के अधिकारी मयंक कुमार ने जानकारी दी कि वर्तमान में एलपीजी गैस की कोई कमी नहीं है, लेकिन व्यावसायिक उपभोक्ताओं को आपूर्ति के लिए उन्हें संबंधित गैस एजेंसी और खपत का विवरण उपलब्ध कराना आवश्यक होगा।
बैठक में जिला पर्यटन अधिकारी सुशील नौटियाल, जिला पूर्ति अधिकारी मुकेश पाल, बीपीसीएल के प्रतिनिधि अश्वनी कुमार, पीएनजी प्रबंधक प्रांशु वालियान, धर्मशाला समिति के महेश गौड़, बजट होटल एसोसिएशन के कुलदीप शर्मा सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं होटल-धर्मशाला संचालक उपस्थित रहे।

