कुमाऊं आयुक्त के निर्देश पर खुर्पाताल में अतिक्रमण ध्वस्त, अभियान जारी
रिपोर्ट: ललित जोशी।
नैनीताल। कुमाऊं आयुक्त एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत के निर्देश पर जिला विकास प्राधिकरण की टीम ने खुर्पाताल क्षेत्र में अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए प्राधिकरण की भूमि पर किए गए अवैध कब्जों को ध्वस्त कर दिया।
जानकारी के अनुसार, हाल ही में खुर्पाताल भ्रमण के दौरान आयुक्त दीपक रावत ने होटल स्वामियों द्वारा प्राधिकरण की भूमि पर किए गए अतिक्रमण का संज्ञान लेते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसके अनुपालन में जिला विकास प्राधिकरण के सचिव विजय नाथ शुक्ल के नेतृत्व में टीम ने मौके पर पहुंचकर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की।
प्राधिकरण की टीम ने होटल स्वामियों द्वारा किए गए अवैध निर्माण को हटाते हुए भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया।
सचिव विजय नाथ शुक्ल ने बताया कि खुर्पाताल क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने का अभियान निरंतर जारी रहेगा और जब तक पूरी भूमि अतिक्रमण मुक्त नहीं हो जाती, तब तक कार्रवाई लगातार चलती रहेगी।
प्रशासन की इस कार्रवाई को क्षेत्र में अवैध कब्जों के खिलाफ सख्त रुख के रूप में देखा जा रहा है।

