उत्तराखण्ड STF का बड़ा एक्शन: 50 लाख के विद्युत तार बरामद, अंतरराज्यीय चोरी गैंग का भंडाफोड़
उधमसिंहनगर। उत्तराखण्ड एसटीएफ ने विद्युत तार चोरी और तस्करी करने वाले एक संगठित अंतरराज्यीय गैंग का भंडाफोड़ करते हुए बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। इस कार्रवाई में भारी मात्रा में चोरी किए गए विद्युत तार, दो वाहन और उपकरण बरामद करते हुए दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है।
यह गैंग जनपद उधमसिंहनगर के काशीपुर और कुण्डा क्षेत्र में स्वर्गीय दीनदयाल योजना के अंतर्गत बिछाई गई कई किलोमीटर लंबी विद्युत केबल को काटकर चोरी करता था। एसटीएफ की कुमाऊँ टीम को मिली सूचना के आधार पर रुद्रपुर के धर्मपुर क्षेत्र में “गुरमा ट्रेनिंग कंपनी” के नाम से संचालित गोदाम में छापेमारी की गई, जहां से भारी मात्रा में चोरी की गई केबल बरामद हुई।
कार्रवाई के दौरान आफताब अली और जीशान को गिरफ्तार किया गया। दोनों के खिलाफ थाना कुण्डा और काशीपुर में विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। बरामद विद्युत तार की कीमत लगभग 50 लाख रुपये आंकी गई है।
एसटीएफ के अनुसार, यह गैंग पिछले दो महीनों से सक्रिय था और रात के समय स्कॉर्पियो वाहन से रेकी कर केबल काटकर पिकअप में भरकर गोदाम में जमा करता था। इसके बाद केबल से कॉपर और एल्यूमिनियम निकालकर उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद और बरेली में बेच दिया जाता था। इस पूरी गतिविधि से अर्जित धन को गैंग के सदस्य आपस में बांट लेते थे।
गौरतलब है कि गिरफ्तार अभियुक्त आफताब अली पूर्व में भी चोरी, डकैती और लूट जैसे गंभीर मामलों में जेल जा चुका है। एसटीएफ अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
छापेमारी में 45 कुंतल विद्युत तार, केबल काटने के उपकरण, हेक्सा ब्लेड से बने औजार और घटना में प्रयुक्त दो वाहन (पिकअप व स्कॉर्पियो) बरामद किए गए हैं।

