अंबाड़ी सड़क निर्माण पर सियासत तेज, जन संघर्ष मोर्चा ने विधायक पर लगाया श्रेय लेने का आरोप
विकासनगर। अंबाड़ी खान बस्ती सड़क निर्माण को लेकर जन संघर्ष मोर्चा और स्थानीय विधायक के बीच आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं। मोर्चा की जिला मीडिया प्रभारी प्रवीण शर्मा पिन्नी ने विधायक मुन्ना सिंह चौहान पर बिना योगदान के श्रेय लेने का आरोप लगाया है।


प्रवीण शर्मा ने कहा कि अंबाड़ी क्षेत्र की खान बस्ती सड़क वर्षों से लंबित थी, जिसको मंजूरी दिलाने के लिए ग्रामीणों के आग्रह पर जन संघर्ष मोर्चा अध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी ने शासन स्तर पर लगातार पैरवी की। इसके बाद ही सड़क निर्माण को स्वीकृति मिली।
उन्होंने दावा किया कि शासन की नोटशीट में स्पष्ट उल्लेख है कि यह सड़क विधायक की प्राथमिकता में शामिल नहीं थी और सचिव स्तर से ही इसे स्वीकृति के लिए आगे बढ़ाया गया। साथ ही वर्ष 2023 में संबंधित विभागों द्वारा मांगी गई रिपोर्ट भी नियमानुसार भेजी गई थी।
मोर्चा ने आरोप लगाया कि झूठा श्रेय लेने के उद्देश्य से विधायक द्वारा ग्रामीणों से अपना अभिनंदन करवाया गया। उन्होंने कहा कि जनता को गुमराह करने का प्रयास किया जा रहा है और लोगों से अपील की कि वे सड़क निर्माण से जुड़े दस्तावेज विधायक से मांगें।
जन संघर्ष मोर्चा ने चेतावनी दी कि यदि जनता को भ्रमित किया गया तो वे लगातार ऐसे मामलों को उजागर करते रहेंगे।

