अक्षय तृतीया पर खुले गंगोत्री-यमुनोत्री धाम के कपाट, चारधाम यात्रा 2026 का शुभारंभ

अक्षय तृतीया पर खुले गंगोत्री-यमुनोत्री धाम के कपाट, चारधाम यात्रा 2026 का शुभारंभ
Spread the love

उत्तरकाशी।पावन पर्व अक्षय तृतीया के अवसर पर गंगोत्री धाम और यमुनोत्री धाम के कपाट वैदिक मंत्रोच्चार एवं पूजा-अर्चना के साथ श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। इसके साथ ही उत्तराखंड की चारधाम यात्रा 2026 का विधिवत शुभारंभ हो गया।

धार्मिक परंपरा के अनुसार मां गंगा की उत्सव डोली भैरव घाटी स्थित भैरव मंदिर से गंगोत्री धाम पहुंची। विशेष पूजा-अभिषेक के बाद दोपहर 12:15 बजे मंदिर के कपाट खोले गए।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गंगोत्री धाम में कपाटोद्घाटन समारोह में प्रतिभाग करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नाम से पहली पूजा की और देश-प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि चारधाम यात्रा देश-विदेश के श्रद्धालुओं के लिए आस्था का प्रमुख केंद्र है और राज्य सरकार द्वारा यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं सुगम बनाने के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुविधा को सर्वोपरि रखते हुए यातायात प्रबंधन, स्वास्थ्य, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं को मजबूत किया गया है।

उन्होंने श्रद्धालुओं से “ग्रीन और क्लीन चारधाम यात्रा” में सहयोग करने तथा स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने की अपील भी की।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा, विधायक सुरेश चौहान, पूर्व विधायक विजयपाल सजवाण, दायित्वधारी प्रताप पंवार, जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी और मंदिर समिति के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles