देहरादून में अवैध गैस कारोबार पर बड़ी कार्रवाई: 327 सिलेंडर लदा वाहन जब्त, मुकदमा दर्ज

देहरादून में अवैध गैस कारोबार पर बड़ी कार्रवाई: 327 सिलेंडर लदा वाहन जब्त, मुकदमा दर्ज
Spread the love

देहरादून।जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देश पर अवैध गैस कारोबार के खिलाफ जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 32 गैस सिलेंडर और रिफिलिंग उपकरण जब्त किए हैं, जबकि 327 सिलेंडरों से लदे एक वाहन को भी कब्जे में लिया गया है।

निरंजनपुर सब्जी मंडी के पास स्थित एक बंद पेट्रोल पंप में अवैध रूप से गैस रिफिलिंग की सूचना पर क्यूआरटी टीम ने रात 12 बजे से सुबह 4 बजे तक सघन छापेमारी अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान मौके से 27 घरेलू, 4 छोटे और 1 व्यावसायिक गैस सिलेंडर बरामद किए गए।

इसके अलावा वाहन संख्या UP17BT0390, जिसमें 327 गैस सिलेंडर लदे थे, को भी जब्त किया गया। हालांकि छापेमारी के दौरान वाहन चालक मौके से फरार हो गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि वाहन लोनी बॉटलिंग गैस प्लांट से करीब 360 सिलेंडर लेकर निकला था।

प्रशासन के अनुसार गैस सिलेंडरों की अवैध रिफिलिंग कर उन्हें ऊंचे दामों पर बेचने की तैयारी की जा रही थी, जो न केवल आवश्यक वस्तु अधिनियम का उल्लंघन है, बल्कि जनसुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा है। मामले में थाना पटेलनगर में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है।

जिलाधिकारी सविन बंसल ने स्पष्ट किया कि जनपद में गैस की कालाबाजारी और अवैध गतिविधियों में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

देवभूमि खबर

Related articles