रिश्वत प्रकरण में डोईवाला के प्रभारी बीईओ निलंबित, मंत्री ने दिए सख्त संदेश

रिश्वत प्रकरण में डोईवाला के प्रभारी बीईओ निलंबित, मंत्री ने दिए सख्त संदेश
Spread the love

देहरादून। रिश्वत लेने के आरोप में डोईवाला के प्रभारी खण्ड शिक्षा अधिकारी धनबीर सिंह को निलंबित कर दिया गया है। विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने मामले की गंभीरता को देखते हुए निलंबन प्रस्ताव को तत्काल प्रभाव से स्वीकृति प्रदान की है। जल्द ही शासन स्तर से औपचारिक आदेश जारी किए जाएंगे।

मंत्री डॉ. रावत ने स्पष्ट कहा कि विभाग में भ्रष्टाचार और अनुशासनहीनता किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत कार्य कर रही है और विभाग की छवि खराब करने वाले कार्मिकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है।

बताया गया कि हाल ही में विजिलेंस टीम ने धनबीर सिंह को एक लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया था। इसके बाद उत्तराखंड सरकारी सेवक (अनुशासन एवं अपील) नियमावली, 2003 के तहत तत्काल निलंबन की कार्रवाई की गई।

मंत्री ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि ऐसे मामलों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए नियमित निरीक्षण करें और छात्र-छात्राओं, अभिभावकों व आमजन से फीडबैक लेकर व्यवस्था को अधिक पारदर्शी बनाएं। उन्होंने दोहराया कि किसी भी अनैतिक गतिविधि में लिप्त पाए जाने पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

देवभूमि खबर

Related articles