शिक्षा विभाग में पदोन्नत चार अधिकारियों को नई जिम्मेदारी, मंत्री ने दी मंजूरी
देहरादून। विद्यालयी शिक्षा विभाग में संयुक्त निदेशक से अपर निदेशक पद पर पदोन्नत चार अधिकारियों को नई तैनाती दे दी गई है। इस संबंध में शासन द्वारा प्रस्तुत प्रस्ताव को विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने स्वीकृति प्रदान की है।
मंत्री के निर्देशों के क्रम में विभाग में डीपीसी के माध्यम से पदोन्नति प्रक्रिया पूरी की गई थी, जिसमें मेहरबान सिंह बिष्ट, कुंवर सिंह रावत, पदमेन्द्र सकलानी और परमेन्द्र कुमार को अपर निदेशक पद पर पदोन्नत किया गया।
नवीन तैनाती के तहत मेहरबान सिंह बिष्ट को अपर निदेशक माध्यमिक शिक्षा कुमाऊं मंडल, कुंवर सिंह रावत को अपर निदेशक महानिदेशालय के साथ अपर निदेशक प्रारम्भिक शिक्षा का अतिरिक्त दायित्व दिया गया है। वहीं पदमेन्द्र सकलानी को अपर निदेशक एससीईआरटी तथा परमेन्द्र कुमार को अपर निदेशक माध्यमिक शिक्षा गढ़वाल मंडल की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने विश्वास जताया कि इन अधिकारियों के अनुभव और दक्षता से विभागीय कार्यों में तेजी आएगी और शिक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि इन तैनातियों से शिक्षा की गुणवत्ता को सुदृढ़ करने में भी मदद मिलेगी।

