अल्मोड़ा पुलिस की बड़ी कार्रवाई , 2.5 लाख का गांजा बरामद, एक तस्कर गिरफ्तार
अल्मोड़ा। पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए 2.5 लाख रुपये से अधिक कीमत का गांजा बरामद कर एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा श्री चंद्रशेखर घोडके के निर्देशन में “ड्रग्स फ्री देवभूमि” मिशन को साकार करने के लिए जिलेभर में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।।
इसी क्रम में 27 अप्रैल 2026 को अपर पुलिस अधीक्षक हरबन्स सिंह के मार्गदर्शन एवं सीओ अल्मोड़ा/रानीखेत बलवंत सिंह के पर्यवेक्षण में थाना सल्ट व एसओजी टीम द्वारा कठपतिया तिराहा पर चेकिंग के दौरान एक मोटरसाइकिल (UK19-B-3163) को रोका गया। तलाशी लेने पर वाहन सवार युवक के कब्जे से 10.380 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया।
पुलिस ने आरोपी रवि धौलाखण्डी (30 वर्ष), निवासी ग्राम खलटा, पोस्ट मडुली, तहसील भिकियासैंण, जनपद अल्मोड़ा को मौके पर गिरफ्तार कर थाना सल्ट में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20/60 के तहत मुकदमा दर्ज किया। साथ ही प्रयुक्त वाहन को भी सीज कर दिया गया है।
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी गांजे को ऊंचे दामों में बेचकर मुनाफा कमाने की फिराक में था। पुलिस अब इस मामले में गांजा तस्करी के स्रोत और नेटवर्क की गहन जांच में जुटी हुई है।
इस कार्रवाई में अपर उप निरीक्षक दीवान सिंह, हेड कांस्टेबल सुरेन्द्र कुमार, कांस्टेबल हरीश प्रसाद (एसओजी) और कांस्टेबल हेमंत मनराल की अहम भूमिका रही।

