HTML tutorial
HTML tutorial

ऋषिकेश में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई ,अवैध शराब के साथ 4 गिरफ्तार, वाहन जब्त

ऋषिकेश में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई ,अवैध शराब के साथ 4 गिरफ्तार, वाहन जब्त
Spread the love

ऋषिकेश।  अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आबकारी विभाग ऋषिकेश और जनपदीय प्रवर्तन दल देहरादून की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई आबकारी निरीक्षक प्रेरणा बिष्ट के नेतृत्व में चंद्रेश्वर नगर, श्यामपुर और जेजे ग्लास फैक्ट्री क्षेत्र में दबिश देकर की गई।

संयुक्त टीम ने मौके से 83 पाउच माल्टा देशी शराब और 98 पव्वे अंग्रेजी शराब (लगभग 4 पेटी) बरामद की। इसके साथ ही दो दोपहिया वाहन भी जब्त किए गए। बरामद शराब और वाहनों की अनुमानित बाजार कीमत करीब 1.5 लाख रुपये बताई जा रही है। सभी आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 60 और 60/72 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

गिरफ्तार अभियुक्तों में शिवम कुमार निवासी बिजनौर, अनिल नोनियाल, आशीष कुमार निवासी हरदोई और अंकित कुमार निवासी टिहरी गढ़वाल शामिल हैं। विभाग के अनुसार जनपद में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री पर प्रभावी रोक लगाने के लिए सूचना तंत्र को मजबूत किया गया है।

आबकारी विभाग ने आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना विभाग को दें, सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। विभाग की टीमें अवैध शराब के अड्डों को चिन्हित कर उन्हें समाप्त करने की दिशा में लगातार कार्य कर रही हैं।

इस कार्रवाई में उप आबकारी निरीक्षक पान सिंह राणा, उमराव सिंह राठौड़ तथा आबकारी सिपाही अर्जुन सिंह, हेमंत कुमार, दीपा गोविंद, राकेश नाथ प्रधान, अंकित कुमार, आशीष चौहान, रेशमा, सोनम, दामिनी और बबीता सहित अन्य कार्मिक शामिल रहे।

देवभूमि खबर

Related articles