हरिद्वार जिला योजना 2026-27 को मंजूरी: 6735.60 लाख के विकास कार्यों को हरी झंडी

हरिद्वार जिला योजना 2026-27 को मंजूरी: 6735.60 लाख के विकास कार्यों को हरी झंडी
Spread the love

हरिद्वार। जनपद के समग्र विकास को गति देने के लिए जिला योजना समिति की बैठक में वर्ष 2026-27 हेतु 6735.60 लाख रुपये के बजट को अनुमोदित किया गया। बैठक की अध्यक्षता जनपद प्रभारी मंत्री सतपाल महाराज ने कलेक्ट्रेट सभागार में की, जिसमें विभिन्न विभागों के विकास कार्यों के लिए विस्तृत योजना को स्वीकृति प्रदान की गई।
स्वीकृत बजट में सामान्य मद के लिए 5297.60 लाख, अनुसूचित जाति मद के लिए 1404.50 लाख तथा अनुसूचित जनजाति मद के लिए 33.50 लाख रुपये निर्धारित किए गए हैं।

प्रभारी मंत्री ने बताया कि कुल बजट का लगभग 15 प्रतिशत हिस्सा स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के लिए कृषि, उद्यान, पशुपालन, दुग्ध, मत्स्य, रेशम, वानिकी और गन्ना जैसे क्षेत्रों में खर्च किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि इस बार जिला योजना में प्राथमिक शिक्षा को पहली बार शामिल किया गया है। साथ ही अभिनव पहल के तहत मीठे जल की सजावटी मत्स्य पालन, झींगा पालन और अन्य नई गतिविधियों को भी योजना में स्थान दिया गया है।

बैठक में प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जनप्रतिनिधियों के साथ बेहतर समन्वय बनाकर कार्य करें, ताकि योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचे। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से भी आह्वान किया कि वे दृढ़ संकल्प के साथ कार्य करते हुए जनपद के विकास के साक्षी बनें।
जिलाधिकारी ने जानकारी दी कि जिला योजना में सभी जनप्रतिनिधियों के प्रस्तावों को शामिल किया गया है तथा आवश्यकता पड़ने पर संशोधन का भी प्रावधान रखा गया है। उन्होंने जिला योजना का परिव्यय बढ़ाने की आवश्यकता भी रखी और आश्वासन दिया कि बैठक में दिए गए निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा।

मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने स्लाइड प्रस्तुति के माध्यम से विभिन्न विभागों के लिए प्रस्तावित बजट का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया। प्रमुख विभागों में पंचायतीराज (1636 लाख), युवा कल्याण (1234.19 लाख), सिंचाई, लोक निर्माण, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, कृषि और पर्यटन सहित अन्य विभागों के लिए धनराशि स्वीकृत की गई है।

बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी, मेयर किरण जैसल, विधायक आदेश सिंह चौहान सहित जनप्रतिनिधि और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

देवभूमि खबर

Related articles