बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को एसएसपी सर्वेश पंवार ने प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित

पौड़ी। पुलिस लाइन पौड़ी में आयोजित मासिक अपराध गोष्ठी के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार द्वारा बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पुलिस परिवार के मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर एसएसपी ने कहा कि सफलता केवल अंकों से नहीं, बल्कि निरंतर सीखने की भावना, अनुशासन और आत्मविश्वास से प्राप्त होती है। उन्होंने छात्र-छात्राओं की मेहनत, लगन और उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में भी इसी समर्पण के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया तथा उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
एसएसपी ने जनपद पुलिस परिवार की छात्रा तनीशा अकरम अंसारी, पुत्री निरीक्षक मोहम्मद अकरम अंसारी को कक्षा 10वीं बोर्ड परीक्षा में 95 प्रतिशत अंक प्राप्त करने पर विशेष रूप से बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
सम्मानित मेधावी छात्र-छात्राओं में कृष्णा टम्टा पुत्र आरक्षी अरविंद टम्टा, मान्या भट्ट पुत्री आरक्षी मनोज भट्ट, दीपशिखा पुत्री आरक्षी संजीव कुमार तथा गुंजन नेगी पुत्री आरक्षी मनोज नेगी शामिल रहीं। सभी विद्यार्थियों ने बोर्ड परीक्षाओं में 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त कर जनपद पुलिस परिवार का नाम गौरवान्वित किया।

